धर्म की हुंकार, गो-संस्कृति का शंखनाद: 13 जनवरी को बर्मान में विराट भगवा यात्रा
धर्म की हुंकार, गो-संस्कृति का शंखनाद: 13 जनवरी को बर्मान में विराट भगवा यात्रा
संतोष योगी की खबर 99932 68143
नरसिंहपुर।
रेताघाट बर्मान एक बार फिर सनातन चेतना और गो-संस्कृति के महासंकल्प का साक्षी बनने जा रहा है। मां अंजनी अखाड़ा के तत्वावधान में 14 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले गो-महाकुंभ एवं 108 कुंडीय रुद्र महायज्ञ को लेकर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह चरम पर है।
महाआयोजन की पूर्व संध्या पर 13 जनवरी 2026 को करेली से बर्मान तक विराट भगवा यात्रा (मोटरसाइकिल रैली) निकाली जाएगी। यह भगवा यात्रा प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रेताघाट बर्मान पहुंचेगी, जिससे संपूर्ण क्षेत्र धर्ममय वातावरण में सराबोर हो जाएगा।
इस भव्य आयोजन का मार्गदर्शन यज्ञ सम्राट, संत महामंडल प्रमुख स्वामी डॉ. आशुतोष ब्रह्मचारी जी कर रहे हैं। आयोजन को गो-संरक्षण, सनातन परंपरा और सामाजिक जागरण से जोड़ते हुए उन्होंने विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों से संपर्क कर सहभागिता का आह्वान किया है।
गो-महाकुंभ के दौरान प्रमुख कार्यक्रम—
108 कुंडों में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महायज्ञ
गो-आधारित कृषि, पंचगव्य एवं गो-संवर्धन कार्यक्रम
गो-संस्कृति से जुड़े धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजन
आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि सनातन संस्कृति को सशक्त करने और समाज में सकारात्मक चेतना जागृत करने का संदेश है। समिति ने समस्त श्रद्धालुओं, युवाओं एवं हिंदू समाज से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं।
