कलश यात्रा के साथ सिराली में विराट हिंदू सम्मेलन एवं सहभोज का भव्य आयोजन

 

भोपाल हैडलाइंस जिला ब्यूरो संजय योगी की खबर 

 

 

सिराली।

नगर सिराली में शनिवार को श्रद्धा, उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण के बीच विराट हिंदू सम्मेलन एवं सहभोज का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ साईं मंदिर/मांई मंदिर से निकाली गई पारंपरिक कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें महिलाओं, युवाओं एवं पुरुषों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का परिचय दिया।

कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मकड़ाई गार्डन (गार्डन परिसर) पहुंची, जहाँ सम्मेलन का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान जय श्रीराम के उद्घोषों से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

गार्डन परिसर में आयोजित सम्मेलन में वक्ताओं ने सनातन संस्कृति की महत्ता, सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों तथा नैतिक आचरण पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आकर्षण का केंद्र रहीं और आयोजन अनुशासित एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

सम्मेलन के पश्चात सहभोज (भोजन-प्रसादी) का आयोजन किया गया, जिसमें समाजजनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया। समापन अवसर पर शांति, सद्भाव एवं राष्ट्र की उन्नति की कामना के साथ सामूहिक प्रार्थना की गई।

कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन भव्य और सफल रहा।

उक्त आयोजन हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति, सकल हिंदू समाज एवं समस्त नगरवासी हिंदू परिवार, सिराली के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।