विज्ञान प्रदर्शनी का समापन, 75 मॉडलों ने बटोरी सराहना
विज्ञान प्रदर्शनी का समापन, 75 मॉडलों ने बटोरी सराहना
संतोष योगी की खबर 99932 68143
भोपाल।
लाइफ लाइन स्कूल द्वारा संचालित दो दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रदर्शनी में कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक समझ का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों पर आकर्षक मॉडल तैयार किए। इनमें मानव शरीर के अंग—जैसे हृदय, फेफड़े, छोटी व बड़ी आंत—के साथ ज्वालामुखी, सोलर सिस्टम, सोलर पावर, नवग्रह, पवन चक्की आदि के कार्यप्रणाली को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। इसके अलावा बुर्ज खलीफा, अयोध्या राम मंदिर, पार्क, अस्पताल, लिफ्ट, चिड़ियाघर, सोलर प्लांट, जल शुद्धिकरण प्रणाली, दूरबीन, रॉकेट, डीजे गाड़ी जैसे कुल 75 मॉडल तैयार कर 9 व 10 जनवरी को स्कूल के एक्टिविटी हॉल में प्रदर्शित किए गए।
प्रदर्शनी को देखने संत नगर के गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ विद्यार्थियों के पालकगण बड़ी संख्या में पहुंचे और बच्चों के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
विद्यालय की प्राचार्य किरण वाधवानी ने बताया कि स्कूल में पिछले सात वर्षों से लगातार विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है, जिससे बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है और वे उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
प्रदर्शनी के उत्कृष्ट आयोजन और प्रस्तुत मॉडलों से प्रभावित होकर विवेक नागरकर एवं हीरो हिन्दू ने प्राचार्य किरण वाधवानी को शॉल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर गुरदास रामचंदानी, कमलेश देवानी, हीरो हिन्दू अपनी टीम के साथ, मुस्कान म्यूजिकल के मोहन बेलनी, विवेक नागरकर अपनी टीम सहित उपस्थित रहे और प्रदर्शनी का अवलोकन कर सराहना की।
कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में पालकगण मौजूद रहे।
