पतंगबाजी में बरतें सावधानी: बिजली लाइनों से दूरी बनाए रखने की अपील

संक्रांति पर्व पर सुरक्षा संदेश: बिजली लाइनों के पास न उड़ाएं पतंग

 

भोपाल हैडलाइंस जिला ब्यूरो चीफ संजय योगी की खबर 7805953532

 

 

सिराली।

नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगामी मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर बिजली कंपनी ने आमजन से पतंगबाजी के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। बिजली कंपनी ने स्पष्ट किया है कि पतंग उड़ाते समय बिजली की लाइनों, ट्रांसफार्मरों एवं विद्युत पोलों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सहायक प्रबंधक (संचालन) जेई योगेश गौर ने बताया कि पतंग और उनके धागों के संपर्क में आने से बिजली की लाइनों में फॉल्ट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इससे न केवल विद्युत आपूर्ति बाधित होती है, बल्कि गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

उन्होंने कहा कि पतंग में उपयोग किए जाने वाले धागे और बांस की कीमची बिजली लाइनों के लिए अत्यंत खतरनाक साबित हो सकते हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे पतंगबाजी के दौरान पूरी सावधानी बरतें और बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखें, ताकि पर्व को सुरक्षित एवं उल्लासपूर्ण ढंग से मनाया जा सके।

बिजली कंपनी ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कोई पतंग बिजली के तारों या पोल में फंस जाए तो उसे स्वयं निकालने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल बिजली कंपनी को सूचना दें। साथ ही, गिल्ली-डंडा जैसे खेल भी बिजली लाइनों एवं डीपी (डिस्ट्रिब्यूशन प्वाइंट) से दूर खेलने की अपील की गई है, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।