नम्रता ग्रुप ऑफ स्कूल का 31वां वार्षिक समारोह सम्पन्न

बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह, अतिथियों ने की सराहना

 

संतोष योगी की खबर 9993268143

 

भोपाल नम्रता हाई सेकेंडरी स्कूल एवं नम्रता अकैडमी को-एड स्कूल प्रगति नगर अशोका गार्डन भोपाल में 31वां वार्षिक समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें शिक्षा व संस्कार के क्षेत्र में उत्कृष्टता के 31 वर्ष पूर्ण होने पर उत्साहपूर्ण माहौल रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विश्वास कैलाश सारंग (मंत्री, सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्य प्रदेश सरकार), विशेष अतिथि श्रीमती मालती राय (महापौर बीएमसी) एवं अजीत सिंह (अध्यक्ष मध्य प्रदेश प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन) तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती श्रद्धा दुबे एवं श्री अंकित दुबे (लोकेश) पार्षद वार्ड 71 उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि नम्रता ग्रुप विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ संस्कार एवं नेतृत्व क्षमता विकसित कर रहा है और बच्चों की प्रस्तुतियों में अनुशासन व प्रतिभा स्पष्ट दिखाई देती है। महापौर मालती राय ने कहा कि 31 वर्षों की निरंतर शिक्षा यात्रा संस्थान की प्रतिबद्धता और कार्यकुशलता का प्रमाण है तथा स्कूल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। अजीत सिंह ने कहा कि प्राइवेट स्कूल वर्तमान समय में नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास के बड़े केंद्र बनकर उभर रहे हैं और नम्रता ग्रुप इस दिशा में सफल मॉडल प्रस्तुत कर रहा है।

समारोह में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति, लोकनृत्य, आधुनिक नृत्य, नाट्य प्रस्तुति, समूह गायन एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए जिन पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साह व्यक्त किया एवं अतिथियों ने विजयी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर स्कूल संचालक शैलेंद्र सिंह ने अभिभावकों के विश्वास एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और शिक्षा की गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में प्रिंसिपल शुभम सिंह, मार्गदर्शक मसरूर सर, मसूद आलम अंसारी, एम.के. मिश्रा, शत्रुघ्न निरंजन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ और संपूर्ण आयोजन अनुशासित एवं गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।