लघु वेतन कर्मचारी संघ का पांचवा चरण आंदोलन, 55 जिलों में अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ज्ञापन सौंपा
लघु वेतन कर्मचारी संघ का पांचवा चरण आंदोलन, 55 जिलों में अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ज्ञापन सौंपा
संतोष योगी की खबर 9993268143
भोपाल। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ के तत्वावधान में प्रदेश व्यापी छह चरणीय आंदोलन के पांचवे चरण के अंतर्गत दिनांक 16 जनवरी 2026 को प्रदेश के सभी 55 जिलों में 15 सूत्री मांगों के समर्थन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भारत रत्न संविधान निर्माता डॉ. भीमराव बाबासाहेब अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर ज्ञापन सौंपे गए।
कार्यक्रम के दौरान संघ द्वारा प्रार्थना की गई कि संविधान में वर्णित समानता और न्याय की भावना के अनुरूप प्रदेश के उन कर्मचारियों को भी न्याय मिले, जो कम वेतन में अपनी जीविका चला रहे हैं। संघ ने कहा कि ― “संविधान के अनुसार देश में रहने वाले हर व्यक्ति को समान अधिकार मिले और प्रदेश सरकार भी इस व्यवस्था को लागू कर ऐसे कर्मचारियों की जायज मांगों का निराकरण करे।”
15 सूत्रीय प्रमुख मांगों में शामिल
संघ द्वारा प्रमुख मांगें इस प्रकार उठाई गई—
नियमित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का ग्रेड पे ₹1300 से बढ़ाकर ₹1800 किया जाए
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का पदनाम परिवर्तन कर ‘कार्यालय सहायक’ किया जाए
दैनिक वेतन भोगी, आकस्मिक कार्यभारित सेवा एवं अंशकालीन कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों के समान सुविधाएं दी जाएं
वर्ष 1970-80-90 की परीक्षा अवधि फार्मूला समाप्त कर उच्च न्यायालय के निर्णय का पालन किया जाए
स्वास्थ्य बीमा योजना में वंचित कर्मचारियों को जोड़ने की मांग
संघ ने मध्य प्रदेश शासन द्वारा शुरू की गई स्वास्थ्य बीमा योजना के लिए मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि इस योजना के एजेंडे में दैनिक वेतन भोगी, स्थाई कर्मी, अंशकालीन एवं आउटसोर्स कर्मचारी शामिल नहीं किए गए हैं, जबकि ये वर्ग सबसे कम वेतन पर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं।
संघ ने मांग की कि इन कर्मचारियों को भी स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ दिया जाए।
संघ ने कहा कि प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, कोटवार, आउटसोर्स कर्मचारी, आशा-उषा कार्यकर्ता, मध्यान भोजन रसोइया आदि को उनके कार्य के अनुरूप कम से कम ₹30,000 वेतन निर्धारित किया जाए।
भोपाल में भी सौंपा गया ज्ञापन
क्रम में भोपाल में स्वर्ण जयंती अंबेडकर मैदान तुलसी नगर में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को माल्यार्पण कर ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से महेंद्र शर्मा (प्रदेश अध्यक्ष), राम कुंडल सेन (जिला अध्यक्ष), सुधीर भार्गव (कार्यकारी प्रांत अध्यक्ष), कैलाश लाल (उपरांत अध्यक्ष), प्रमोद उपाध्याय (कार्यकारी जिला अध्यक्ष), लोक शिक्षण संचालनालय अध्यक्ष जितेंद्र करिकांत सहित विभिन्न जिलों व विभागीय समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
