रहटगांव: एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों की समस्याओं पर प्रशासन सख्त

भोपाल हेडलाइंस | राहुल पवार योगी की रिपोर्ट (रहटगांव)

रहटगांव स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के करीब 300 छात्र-छात्राओं ने कड़ाके की ठंड के बीच सुबह लगभग 5 बजे हॉस्टल से निकलकर 8 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए ग्राम सोडलपुर पहुँचकर विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। विद्यार्थियों का आरोप है कि हॉस्टल में परोसा जाने वाला भोजन घटिया गुणवत्ता का है तथा प्रबंधन द्वारा मूलभूत सुविधाओं में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर स्वयं मौके पर पहुँचे और विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश देते हुए मौके पर ही समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया शुरू कराई।
इस दौरान टिमरनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अभिजीत शाह भी हॉस्टल पहुँचे। उन्होंने भोजन स्टॉक, रसोई एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पानी की टंकी में मेंढक पाए जाने पर अधिकारियों द्वारा पंचनामा बनाया गया, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। मौके पर अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, संबंधित सचिव, थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाते हुए भोजन, पेयजल एवं आवासीय सुविधाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।