नगर सिराली की बेटी बनी देश की शान आईटीबीपी में चयन से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर

 

भोपाल हेडलाइंस | सिराली संवाददाता: संजय योगी (7805053532)

 

 

नगर सिराली सहित आसपास के समूचे क्षेत्र के लिए यह क्षण अत्यंत गौरव, सम्मान और हर्ष का है। सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सदैव सक्रिय समाजसेवी श्री राधेश्याम जी विश्वकर्मा की सुपुत्री कु. सीमा विश्वकर्मा ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) में चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे नगर और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

कु. सीमा विश्वकर्मा की यह उपलब्धि उनकी अथक मेहनत, दृढ़ संकल्प, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम है। उनका चयन क्षेत्र की बेटियों के लिए एक सशक्त प्रेरणा बनकर उभरा है, जो यह संदेश देता है कि लगन और परिश्रम से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्या विहार कॉलोनी सहित नगर के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने कु. सीमा विश्वकर्मा को पुष्पगुच्छ भेंट कर, मिठाइयाँ बाँटकर एवं शुभकामनाएं देकर उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल देशसेवा की कामना की।

इस अवसर पर भावुक श्री राधेश्याम जी विश्वकर्मा ने समस्त नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेटी की सफलता में समाज का आशीर्वाद और सहयोग महत्वपूर्ण रहा है।

बधाई देने वालों में जिला हरदा फुटकर व्यापारी संघ के जिला अध्यक्ष शेख असलम, सचिव योगी आशीष पवार, उपाध्यक्ष द्वितीय दिनेश नामदेव, मीडिया प्रभारी शिवम सोनी, भागवत सिंह राजपूत, उमेश पाटिल, श्याम पटवा, रामकृष्ण चौरे सहित अनेक व्यापारीगण, पदाधिकारी एवं नगरवासी उपस्थित रहे।