उभरती भरतनाट्यम कलाकार अमृता ने 13 वर्ष की उम्र में किया डिग्री कोर्स पूर्ण

 

संतोष योगी की खबर 9993268143

 

भोपाल हेडलाइंस सूरत।उभरती हुई भरतनाट्यम कलाकार अमृता ने मात्र 13 वर्ष की आयु में भरतनाट्यम का ग्रेजुएशन डिग्री कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वर्तमान में अमृता कक्षा 8वीं की छात्रा है और शैक्षणिक सत्र 2025–26 में उसने यह डिग्री पूरी की है।

अमृता ने बचपन से ही भरतनाट्यम की शिक्षा लेना प्रारंभ किया था। प्रारंभिक वर्षों में उसने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से समय-समय पर भरतनाट्यम का प्रशिक्षण लिया। निरंतर अभ्यास और समर्पण के चलते उसने इस वर्ष सूरत स्थित प्रसिद्ध नृत्य गुरू शिल्पा मैत्रे से भरतनाट्यम का औपचारिक ग्रेजुएशन डिग्री कोर्स पूरा किया।

यह डिग्री कोर्स एक सरकारी मान्यता प्राप्त कला संस्थान के अंतर्गत संचालित है, जो अमृता की उपलब्धि को और भी विशेष बनाता है।

अमृता वर्तमान में अपनी नियमित पढ़ाई के साथ-साथ नृत्य का अभ्यास भी निरंतर जारी रखे हुए है और भविष्य में भरतनाट्यम के क्षेत्र में उच्च स्तर की शिक्षा एवं प्रस्तुतियों के लिए प्रयासरत है।

कम उम्र में इस उपलब्धि से अमृता ने न केवल अपने परिवार और गुरुजनों को गौरवान्वित किया है, बल्कि शास्त्रीय नृत्य में रुचि रखने वाले बच्चों के लिए भी प्रेरणा प्रस्तुत की है।