ई-अटेंडेंस के खिलाफ शिक्षकों का एक दिवसीय धरना प्रदर्शन न्यू मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन संघ ने सरकार को दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
ई-अटेंडेंस के खिलाफ शिक्षकों का एक दिवसीय धरना प्रदर्शन
न्यू मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन संघ ने सरकार को दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
संतोष योगी की खबर 9993268143
भोपाल।न्यू मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन संघ, मध्यप्रदेश के आह्वान पर प्रदेश भर में शिक्षकों ने ई-अटेंडेंस प्रणाली के विरोध में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लिया और सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सतेन्द्र सिंह तिवारी ने कहा कि ई-अटेंडेंस के कारण शिक्षकों की पेमेंट व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र ही पेमेंट व्यवस्था में सुधार नहीं किया, तो संघ इससे भी बड़ा और व्यापक आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि धरना प्रदर्शन के दौरान शिक्षक दिनभर भूखे-प्यासे बैठकर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराते रहे, जो सरकार की उदासीनता को दर्शाता है।
संघ ने आरोप लगाया कि बिना जमीनी तैयारी और शिक्षकों की समस्याओं को समझे लागू की गई ई-अटेंडेंस व्यवस्था से शिक्षक मानसिक, आर्थिक और प्रशासनिक दबाव में हैं। संघ का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय ऐसी नीतियां शिक्षकों को परेशान कर रही हैं।
न्यू मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन संघ ने सरकार से मांग की है कि ई-अटेंडेंस व्यवस्था पर पुनर्विचार किया जाए और शिक्षकों के वेतन भुगतान एवं सेवा शर्तों को तत्काल सुधारा जाए।
धरना स्थल पर उपस्थित शिक्षकों ने एक स्वर में कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
