टीला रामपुरा में 20 से सात दिवसीय यज्ञ एवं देवी प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव

संतोष योगी की खबर 99932 68143

भोपाल। दुर्गा चौक, टीला रामपुरा स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में 20 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक सात दिवसीय यज्ञ एवं देवी प्राण-प्रतिष्ठा कलशारोहण महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के अंतर्गत टीला रामपुरा की महारानी का भव्य आगमन भी होगा।

आयोजन का शुभारंभ 20 जनवरी को माघ शुक्ल पक्ष द्वितीया तिथि पर प्रातः 10 बजे हेमाद्रि स्नान, कलश यात्रा, पंचांग पूजन, ब्राह्मण वरण, मंडप प्रवेश एवं जलाधिवास के साथ होगा। 21 जनवरी को देवताओं का आह्वान, अग्नि प्रवेश एवं भोजन निवास, 22 जनवरी को नित्य पूजन, हवन एवं पत्रादिवास, 23 जनवरी को पूजन-हवन एवं पुष्पादिवास, 24 जनवरी को पूजन-हवन, फलादिवास एवं मिष्ठानादिवास तथा पार्थिक शिवलिंग निर्माण एवं महाभिषेक पूजन प्रातः 11 बजे से संपन्न होगा।

25 जनवरी को महाभिषेक, नगर भ्रमण एवं शैय्यादिवास आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का समापन 26 जनवरी को माघ शुक्ल पक्ष अष्टमी तिथि पर देवी प्राण-प्रतिष्ठा, कलशारोहण, पूर्णाहुति एवं महाआरती के साथ होगा। इसी दिन शाम 4 बजे से कन्या पूजन एवं नगर भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

समस्त धार्मिक अनुष्ठान यज्ञाचार्य पं. सतीश जी शास्त्री के सान्निध्य में संपन्न होंगे। आयोजन के संरक्षक भोपाल सांसद मा. आलोक शर्मा हैं। यह जानकारी पार्षद शैलेश साहू एवं हरिशंकर विश्वकर्मा ने दी। आयोजन के निवेदक दुर्गा चौक, टीला रामपुरा, वार्ड क्रमांक 15 के समस्त भक्त मंडल हैं।