राजा भोज जयंती एवं बसंत उत्सव पर दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण, समाज की प्रमुख मांगों को लेकर हुआ कार्यक्रम
संतोष योगी की खबर | 9993268143
भोपाल। परम प्रतापी राजा भोज जयंती एवं बसंत उत्सव के पावन अवसर पर परमार समाज भोपाल द्वारा एकता, एकाग्रता एवं सामाजिक चेतना के प्रतीक स्वरूप दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन बड़े हर्षोल्लास एवं श्रद्धा भाव से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ साकेत नगर स्थित दुर्गा मंदिर एवं परमार समाज धर्मशाला परिसर में माँ दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना से किया गया। इसके पश्चात दुर्गा मंदिर परिसर में स्थापित परम प्रतापी राजा भोज जी की प्रतीक प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण किया गया।
तत्पश्चात समाजजनों द्वारा वीआईपी लेक स्थित राजा भोज जी की प्रतिमा पर भी दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।
इस अवसर पर क्षत्रिय परमार पवार समाज ताल क्षेत्र अध्यक्ष श्री सज्जन सिंह परमार ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा—
“राजा भोज केवल एक महान शासक नहीं, बल्कि जल, पर्यावरण और संस्कृति संरक्षण के अग्रदूत थे। आज उनके आदर्शों को अपनाकर समाज को एकजुट होकर जनहित के कार्यों में आगे बढ़ना होगा।”
इस अवसर पर परमार समाज ने अपनी प्रमुख सामाजिक एवं जनहित से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से रखा। इनमें भोपाल शहर का नाम परिवर्तित कर भोजपाल किए जाने, जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने, पर्यावरण संरक्षण हेतु ठोस कदम उठाने, लंदन स्थित संग्रहालय से माँ बांगदेवी की प्रतिमा भारत वापस लाने, भोपाल मेट्रो का नाम भोजपाल मेट्रो करने तथा परमार समाज के लिए एक सामाजिक बोर्ड के गठन की मांग शामिल रही।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बसंत उत्सव एवं राजा भोज जयंती पर विशाल वाहन रैली का आयोजन प्रस्तावित था, परंतु हाल ही में इंदौर में दूषित जल पीने से हुई जनहानि को ध्यान में रखते हुए समाज द्वारा रैली न निकालने का संवेदनशील निर्णय लिया गया। राजा भोज जी द्वारा जीवन भर जल संरक्षण का संदेश दिए जाने को स्मरण करते हुए समाज ने शांति एवं श्रद्धांजलि स्वरूप सादगीपूर्ण आयोजन को प्राथमिकता दी।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों के साथ बड़ी संख्या में युवा साथियों ने सहभागिता की तथा दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रमुख रूप से सूरज सिंह, माखन सिंह, लक्ष्मण सिंह, केशव, भोजराज, जितेंद्र सिंह, हर्ष, विकास, अंशुल, सोनू, दीपेश, कपिल, अभिषेक, संदीप, नीरज, योगेन्द्र सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सामाजिक चेतना से ओतप्रोत वातावरण में संपन्न हुआ।
