गुरु रविदास महाराज के 649वें जन्म उत्सव पर बनारस में उमड़ेगा जनसैलाब, 1 फरवरी को विशेष आयोजन
गुरु रविदास महाराज के 649वें जन्म उत्सव पर बनारस में उमड़ेगा जनसैलाब, 1 फरवरी को विशेष आयोजन
संतोष योगी की खबर 9993268143
भोपाल।अखिल भारतीय रविदासया धर्म संगठन भारत इकाई मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष माधव सिंह अहिरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 फरवरी को गुरु रविदास महाराज के 649वें जन्म उत्सव के पावन अवसर पर भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर संत 108 निरंजन दास महाराज के नेतृत्व में जालंधर से बनारस के लिए एक विशेष ट्रेन बुक की गई है, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु बनारस पहुँचेंगे।
उन्होंने बताया कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव महाराज द्वारा पूरे देश में भ्रमण कर रविदासया समाज को जागरूक किया गया है और अधिक से अधिक संख्या में 1 फरवरी को बनारस पहुँचने का आह्वान किया गया है। अनुमान है कि इस महापर्व में देशभर से लगभग 20 लाख श्रद्धालुओं के बनारस पहुँचने की संभावना है।
इसी क्रम में मध्य प्रदेश में भी रविदासया धर्म संगठन द्वारा व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। प्रदेश अध्यक्ष माधव सिंह अहिरवार ने बताया कि राज्य के प्रत्येक जिले में गुरु रविदास महाराज की जयंती मनाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही कई क्षेत्रों में गुरु रविदास महाराज की प्रतिमा स्थापना के कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में रविदासया समाज निरंतर गुरु रविदास महाराज के विचारों के प्रति जागरूक हो रहा है और समाज के सभी धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम गुरु महाराज की पद्धति के अनुसार आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि 1 फरवरी को प्रदेश के सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में गुरु रविदास महाराज की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाएँगे।
