गांधी चौक पर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

भोपाल हेडलाइंस | सिराली संवाददाता: संजय योगी

सिराली।नगर में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर नगर परिषद कार्यालय परिसर एवं गांधी चौक पर भव्य समारोहों का आयोजन किया गया।

प्रातः सर्वप्रथम नगर परिषद कार्यालय परिसर में विधिवत झंडा वंदन किया गया। इसके पश्चात गांधी चौक पर आयोजित मुख्य समारोह में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती अनीता कैलाश चंद्र अग्रवाल द्वारा ध्वज वंदन किया गया। ध्वज वंदन के उपरांत राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

इस गरिमामय अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती अनीता कैलाश चंद्र अग्रवाल, नगर परिषद उपाध्यक्ष श्री श्याम बुचा तथा सिराली विधायक एवं मुख्य अतिथि श्री अभिजीत शाह विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक श्री अभिजीत शाह ने अपने संबोधन में कहा कि 15 अगस्त को ध्वजारोहण किया जाता है, जबकि 26 जनवरी को झंडा वंदन, जो हमारे संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं गणतंत्र की गरिमा का प्रतीक है।

कार्यक्रम में शिक्षकगण, पार्षदगण,पार्षद सुधा जितेंद्र मालवीय ,पार्षद माधवी पंकज गुप्ता ,पार्षद बहादुर सिंह राजपूत ,पार्षद कालूराम सेजकर पार्षद प्रतिनिधि भागवत राजपूत ,पार्षद मेहराज खान, नागू पटेल, उमेश पाटिल,हयात पटेल नारायण पटेल गणमान्य नागरिक, पत्रकार बंधु एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। साथ ही नगर परिषद के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी भी समारोह में शामिल हुए।

इस अवसर पर वक्ताओं ने गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए संविधान की मर्यादा, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता की रक्षा का संकल्प दिलाया। उन्होंने नागरिकों से देश को और अधिक सशक्त एवं समृद्ध बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

नगर की होनहार बेटियों का हुआ सम्मान

समारोह के दौरान सिराली नगर की प्रतिभाशाली बेटी शिवानी उईके, जिन्होंने एमपीपीएससी 2024 परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर डिप्टी कलेक्टर का पद हासिल किया, को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में राधेश्याम विश्वकर्मा की सुपुत्री कु. सीमा विश्वकर्मा, जिनका चयन भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) में हुआ है, जो गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। नगर की होनहार बेटियों की यह उपलब्धि उनकी अथक मेहनत, अनुशासन, दृढ़ संकल्प एवं आत्मविश्वास का परिणाम है, जिसने पूरे नगर और क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।

कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिससे नगरवासियों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना और अधिक प्रबल हुई।