गणतंत्र दिवस पर भोपाल में निकली भारत माता की भव्य रथ यात्रा

 

संतोष योगी की खबर 9993268143

 

भोपाल।गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर भोपाल के मिसरोद क्षेत्र में भारत माता की भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा विश्व हिंदू महासंघ के तत्वावधान में पिछले कई वर्षों से निरंतर निकाली जा रही है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।

यात्रा की जानकारी देते हुए विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष हिंदू मुकेश जोशी ने बताया कि यह रथ यात्रा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मिसरोद से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई सहारा स्टेट पहुंची। यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति और धर्म के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।

रथ यात्रा में ढोल-नगाड़े, डीजे, बग्गी और ऊंट विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। मार्ग में अनेक स्थानों पर सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

यात्रा के सफल संपन्न होने के पश्चात भारत माता पार्क में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में चेतन भार्गव उपस्थित रहे। विश्व हिंदू महासंघ द्वारा मुख्य अतिथि सहित यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं और पदाधिकारियों का पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर महंत पप्पू नाथ सहित अनेक संत-महंतों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने राष्ट्रभक्ति, सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने गणतंत्र दिवस के पर्व को धार्मिक और राष्ट्रीय चेतना से जोड़ने का कार्य किया।