बैरसिया नगर में विकास कार्यों को गति देने हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित

 

संतोष योगी की खबर 99932 68143

 

 

बैरसिया नगर के विभिन्न वार्डों में आज विकास कार्यों की गति को बढ़ाते हुए विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 9 में स्थित सांस्कृतिक भवन काली मंदिर की नव-निर्मित छत निर्माण हेतु भूमि पूजन किया गया। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 15 में बसंत नामदेव से कमोदी कुशवाहा के निवास तक प्रस्तावित सी.सी. रोड निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इन कार्यों को नगर के धार्मिक, सांस्कृतिक और आधारभूत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि काली मंदिर परिसर में होने वाले सौंदर्यकरण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। वहीं, सी.सी. रोड के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में राहत मिलेगी, जिससे उनकी दैनिक गतिविधियों में सुविधा बढ़ेगी।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप सिंह राठौड़, मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र कुमार सक्सेना, वार्ड पार्षद नीरज रमेश नामदेव, प्रेम यादव, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष बलराम रत्नाकर, नितिन जैन टिक्कू, संतोष रत्नाकर सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर पर कहा कि जनता के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद से नगर में विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे, और नगर के विकास में और तेजी आएगी।