महाराष्ट्रीयन कुणबी पाटिल समाज का भव्य हल्दी-कुमकुम परिवार मिलन समारोह, समाज के रत्नों व भूषणों का हुआ सम्मान
महाराष्ट्रीयन कुणबी पाटिल समाज का भव्य हल्दी-कुमकुम परिवार मिलन समारोह, समाज के रत्नों व भूषणों का हुआ सम्मान
संतोष योगी की खबर 9993268143
भोपाल। महाराष्ट्रीयन कुणबी पाटिल समाज द्वारा धन्वंतरि पार्क में हल्दी-कुमकुम परिवार मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम में समाज के 600 से अधिक परिवारों ने सहभागिता कर आयोजन को सफल एवं गरिमामय बनाया। कार्यक्रम में समाज की वार्षिक समाज पुस्तिका का विमोचन मध्य प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग द्वारा किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने एक-दूसरे को हल्दी-कुमकुम लगाकर सुहाग की दीर्घायु की कामना की तथा विभिन्न खेलकूद गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समाज द्वारा प्रतिवर्ष प्रदान किए जाने वाले सम्मानों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष एक नए समाज भूषण सम्मान की घोषणा की गई।
समाज रत्न सम्मान समाज सेवा में अतिविशिष्ट योगदान के लिए स्वर्गीय रत्नाताई पाटिल को प्रदान किया गया।
समाज भूषण सम्मान सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु स्वर्गीय गणेश फकीरा पाटिल को मरणोपरांत प्रदान किया गया। स्वर्गीय गणेश फकीरा पाटिल ने अपने अंगदान के माध्यम से समाज को नई दिशा दी और मानवता की अमिट मिसाल स्थापित की।
दूसरा समाज भूषण सम्मान डॉ. विजय नारायण पाटिल (सेंधवा) को तथा तीसरा समाज भूषण सम्मान श्री विश्वास दयाराम पाटिल (भोपाल) को प्रदान किया गया।
उक्त सभी सम्मान भोपाल के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. अभिजीत देशमुख के कर-कमलों से प्रदान किए गए।
अध्यक्ष महोदय का उद्बोधन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज के अध्यक्ष श्री के. बी. पाटिल ने सभी सम्मानित समाजजनों को हार्दिक बधाई दी और कहा कि ऐसे आयोजन समाज की एकता, परंपरा और संस्कारों को मजबूत करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक पहचान से जोड़ते हैं।
प्रवक्ता का उद्बोधन
समाज के प्रवक्ता श्री प्रकाश सुरेश पाटिल ने कहा कि समाज की वास्तविक मजबूती बच्चों के सही संस्कारों से बनती है। बच्चों को नशे एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए उनका संतुलित पालन-पोषण, अच्छी शिक्षा और योग्य गुरु का मार्गदर्शन आवश्यक है। ऐसे संस्कार दिए जाएँ कि शिवाजी की इस धरती पर फिर से एक शिवाजी के निर्माण की भावना समाज में जीवित रह सके।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के धूलिया से पधारी श्रीमती मनीषा सावंत ने भी मंच साझा किया। अंत में समाजजनों ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएँ दीं।
