संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती पर विविध आयोजन, सामाजिक समरसता का दिया जाएगा संदेश
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती पर विविध आयोजन, सामाजिक समरसता का दिया जाएगा संदेश
संतोष योगी की खबर
भोपाल/रायसेन।संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 649वीं जयंती के पावन अवसर पर जाटव समाज संगठनीय समिति, भोपाल (म.प्र.) एवं संत गुरु रविदास वेलफेयर फाउंडेशन समिति के संयुक्त तत्वावधान में भव्य जयंती समारोह एवं सामाजिक समरसता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। आयोजनों के माध्यम से गुरु रविदास जी के समानता, ज्ञान, संगठन और संघर्ष के संदेश को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
भोपाल में मुख्य आयोजन
जाटव समाज संगठनीय समिति, भोपाल द्वारा संयुक्त अनुसूचित जाति मोर्चा के तत्वावधान में 5 फरवरी 2026, गुरुवार को प्रातः 11 बजे से हिंदी भवन, पॉलिटेक्निक चौराहा, भोपाल में भव्य जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य विषय “सामाजिक समरसता के आधार संत गुरु रविदास” रहेगा।
इस अवसर पर अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मा. लालसिंह आर्य जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। साथ ही समाज के अनेक गणमान्यजन, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे। समिति द्वारा समस्त जाटव समाज एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं सहित नागरिकों से परिवार सहित उपस्थिति की अपील की गई है।
रायसेन जिले में ग्राम स्तरीय आयोजन
वहीं संत गुरु रविदास वेलफेयर फाउंडेशन समिति द्वारा 1 फरवरी 2026, रविवार को ग्राम थाना, तहसील गोहरगंज, जिला रायसेन (म.प्र.) में गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई जाएगी। कार्यक्रम में प्रातः 11 बजे गुरु रविदास जी की पूजा-अर्चना, माल्यार्पण, अतिथियों का स्वागत-सम्मान, प्रसाद वितरण तथा भजन प्रस्तुति का आयोजन किया जाएगा।
आयोजक लक्ष्मी नारायण जाटव ने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गुरुजी का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।
दोनों आयोजनों के माध्यम से संत गुरु रविदास जी के वचन “जाति न पूछो साधु की, पूछ लीजिए ज्ञान” को आत्मसात करते हुए समाज में समानता, भाईचारे और समरसता का संदेश दिया जाएगा।
