सिराली में शासकीय मार्ग पर अतिक्रमण का मामला, फुटकर व्यापारी संघ ने सौंपा ज्ञापन 

भोपाल हेडलाइंस जिला ब्यूरो चीफ संजय योगी की खबर 7805953532

 सिराली/ सिराली स्थित शासकीय भूमि खसरा नंबर 143/1 पर हारदा मेन रोड से थाना मार्ग की ओर जाने वाले सार्वजनिक रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को लेकर सिराली  फुटकर व्यापारी संघ द्वारा नगर परिषद सिराली में ज्ञापन सौंपा गया।

जिला अध्यक्ष शेख़ असलम के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में बताया गया कि उक्त मार्ग पर पुलिस लाइन द्वारा तार फेंसिंग कर रास्ते को अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे आम नागरिकों एवं व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में इस अतिक्रमण को हटाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया था, जिसके पालन में दिनांक 18 दिसंबर 2025 को राजस्व अमले द्वारा विधिवत सीमांकन कर मौके पर चूना डलवाकर खूटियां लगाई गई थीं। बावजूद इसके, संबंधित विभाग द्वारा अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया।

संघ ने आरोप लगाया कि सीमांकन के बाद भी तार फेंसिंग यथावत है और सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण से मुक्त नहीं किया गया है, जो नियमों के विरुद्ध है।

संघ ने यह भी अवगत कराया कि उक्त मार्ग पर प्रत्येक रविवार को साप्ताहिक बाजार लगता है, ऐसे में मार्ग संकरा होने के कारण व्यापारियों को दुकान लगाने, ग्राहकों को आवागमन तथा वाहनों की आवाजाही में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बाजार के दिन स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे ट्रैफिक जैसी भीड़, अव्यवस्था तथा अन्य जनसमस्याएं उत्पन्न होती हैं, जो किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकती हैं।

ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में व्यापारीगण उपस्थित रहे, साथ ही जिला मीडिया प्रभारी शिवम् सोनी भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे। नगर परिषद अधिकारियों द्वारा मामले में सोमवार तक उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।

इस दौरान जिला हरदा फुटकर व्यापारी संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय-सीमा में अतिक्रमण हटाकर मार्ग को सुचारू नहीं किया गया, तो संघ इस मुद्दे को उच्च स्तर तक ले जाएगा तथा शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगा।संघ ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र अतिक्रमण हटाया जाए और सार्वजनिक रास्ते को आमजन के लिए पूर्ण रूप से खोला जाए।