ओला–उबर–रैपिडो पर ड्राइवरों के शोषण का आरोप, टैक्सी चालक संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी
ओला–उबर–रैपिडो पर ड्राइवरों के शोषण का आरोप, टैक्सी चालक संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी
संतोष योगी की खबर 99932 68143
भोपाल ओला, उबर, रैपिडो सहित अन्य एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म कंपनियों द्वारा ड्राइवरों के अत्यधिक शोषण का आरोप लगाते हुए भोपाल टैक्सी चालक संघ (भारतीय मजदूर संघ से सम्बद्ध) ने परिवहन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। संघ ने कहा कि 18 सितंबर 2025 को हुई बैठक में परिवहन विभाग द्वारा दिए गए निर्देशों का कंपनियां आज तक पालन नहीं कर रही हैं।
संघ के अनुसार बैठक में निजी वाहनों (प्राइवेट कार एवं बाइक) के व्यावसायिक उपयोग को तीन दिन के भीतर बंद करने तथा ड्राइवरों को किलोमीटर नुकसान से बचाने के लिए केवल गूगल मैप के उपयोग के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे, लेकिन इन आदेशों का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है। इससे ड्राइवरों में भारी असंतोष व्याप्त है।
टैक्सी चालक संघ ने एग्रीगेटर कंपनियों की डायनेमिक प्राइसिंग नीति का विरोध करते हुए मोटर वाहन एग्रीगेटर दिशा-निर्देश 2025 के खंड 17.3 को हटाने की मांग की है। संघ का कहना है कि किराए में भारी उतार-चढ़ाव से ड्राइवरों की आय अस्थिर हो गई है, इसलिए एग्रीगेटर कंपनियों को राज्य सरकार द्वारा निर्धारित आधार किराए का अनिवार्य रूप से पालन करना चाहिए।
संघ ने परिवहन विभाग से एक सप्ताह के भीतर निजी वाहनों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के आदेश जारी करने एवं कंपनियों के अधिकारियों के साथ पुनः बैठक आयोजित करने की मांग की है। मांगें पूरी न होने की स्थिति में टैक्सी चालकों ने अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है।
