मानसरोवर धाम का तृतीय स्थापना दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न

 

 

विधि-विधान से हुआ हवन-पूजन, देशभर से उमड़े श्रद्धालु

संतोष योगी की खबर 9993268143

भोपाल सनातन परंपरा की सजीव चेतना के रूप में प्रतिष्ठित मानसरोवर धाम फंदा हरिहर नगर का तृतीय स्थापना दिवस अत्यंत भव्य, गरिमामय एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। यह पावन अवसर केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और संकल्प की उस ऐतिहासिक यात्रा का प्रतीक बना, जिसने अल्प समय में मानसरोवर धाम को मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख दर्शनीय एवं धार्मिक स्थलों में स्थापित कर दिया है। स्थापना दिवस के अवसर पर प्रातःकाल से ही वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन, रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। कई विद्वान पंडितों द्वारा विधि-विधान से संपन्न इन अनुष्ठानों में भगवान शिव की आराधना कर विश्व कल्याण, समाज में सद्भाव और सनातन संस्कृति की अखंडता के लिए प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर मानसरोवर धाम के संचालक एवं मानसरोवर सेवा समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष आदरणीय श्री संजय कश्यप जी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सहित देश के विभिन्न अंचलों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। श्रद्धालुओं ने दर्शन कर बाबा महादेव की कृपा प्राप्त की और धाम की दिव्यता का अनुभव किया।

मानसरोवर धाम आज केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और आध्यात्मिक अनुभूति का जीवंत केन्द्र बन चुका है। असंख्य भक्तों की आस्था इस धाम से जुड़ी हुई है, जहाँ दर्शन मात्र से ही अनेक श्रद्धालुओं ने अपने मनोरथ पूर्ण होने का अनुभव साझा किया है।

तृतीय स्थापना दिवस ने यह स्पष्ट किया कि मानसरोवर धाम की यात्रा केवल वर्तमान तक सीमित नहीं, बल्कि भविष्य में भी सेवा, साधना और सनातन संस्कारों के संरक्षण का सशक्त केंद्र बनी रहेगी। यह आयोजन समाज के प्रति उत्तरदायित्व और धार्मिक चेतना को जागृत करने वाला एक ऐतिहासिक अध्याय सिद्ध हुआ।

कार्यक्रम का समापन भक्ति, अनुशासन और आध्यात्मिक ऊर्जा के वातावरण में आज संपन्न हुआ।