सेवानिवृत्ति पर शिक्षक दंपति ने विद्यार्थियों को बांटे उपहार, ग्राम पंचायत व शाला परिवार ने दी भावभीनी विदाई
सेवानिवृत्ति पर शिक्षक दंपति ने विद्यार्थियों को बांटे उपहार, ग्राम पंचायत व शाला परिवार ने दी भावभीनी विदाई

भोपाल हेडलाइंस जिला ब्यूरो चीफ संजय योगी की खबर 7805953532
सिराली/ग्राम लोलांगरा में शासकीय शिक्षक सुशील शुक्ला की सेवानिवृत्ति के अवसर पर ग्राम पंचायत परिसर में सम्मानपूर्वक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत, शाला परिवार एवं ग्रामीणजनों ने उनके लगभग चार दशक लंबे सेवाकाल के लिए भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जनपद उपाध्यक्ष जगदीश सोलंकी रहे। उन्होंने श्री शुक्ला के सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल अनुशासन, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि अब उनका अनुभव समाज, परिवार और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर ग्राम सरपंच कांतिबाई, सहकर्मियों एवं ग्राम के गणमान्य नागरिकों ने श्री शुक्ला को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री शुक्ला की शासकीय सेवा में प्रथम नियुक्ति 25 अक्टूबर 1986 को ग्राम बेड़ियां खुर्द में हुई थी। इसके पश्चात वे उच्च प्रभार में माध्यमिक शाला लोलांगरा में सेवाएं देते हुए वर्ष 2026 में शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए। उनका लगभग 40 वर्षों का सेवाकाल ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्री शुक्ला का कार्य-व्यवहार एवं सेवा भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
विद्यार्थियों को उपहार देकर दिया प्रेरणासंदेश
विदाई समारोह के उपरांत शिक्षक शुक्ला दंपति द्वारा एकीकृत माध्यमिक विद्यालय के सभी 50 छात्र-छात्राओं को उपहार वितरित किए गए। प्राथमिक स्तर के 30 विद्यार्थियों को पुस्तक-कॉपी तथा माध्यमिक स्तर के 20 विद्यार्थियों को दीवार घड़ी भेंट की गई। इस अवसर पर दंपति ने विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से विद्यालय एवं ग्राम का नाम रोशन करने की प्रेरणा देते हुए आशीर्वचन प्रदान किए।
कार्यक्रम में खुशियाल मंडलेकर, संतोष सांवले, योगेश बिल्लौरे, मजीद खान, जवाहर राजपूत, सुरेश खोदरे, प्रेम नारायण राठौर, सुधीर सांगोले सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं शाला परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
