डॉ. वीना घाणेकर की पुस्तक ‘फेसबुक डायरी’ इंजीनियर अजय तिवारी को भेंट
डॉ. वीना घाणेकर की पुस्तक ‘फेसबुक डायरी’ इंजीनियर अजय तिवारी को भेंट
संतोष योगी की खबर 9993268143
भोपाल। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं प्रख्यात लेखिका डॉ. वीना घाणेकर द्वारा लिखित पुस्तक ‘फेसबुक डायरी’ब्राह्मण अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर अजय तिवारी को सस्नेह भेंट की गई। यह पुस्तक सामाजिक, राजनीतिक चिंतन और समकालीन अनुभवों का संवेदनशील दस्तावेज है, जिसे पाठकों द्वारा विशेष सराहना मिल रही है।
डॉ. वीना घाणेकर का जन्म नसीराबाद, जिला अजमेर (राजस्थान) में हुआ। उन्होंने राजनीति विज्ञान में एम.ए. किया है। अपने दीर्घ प्रशासनिक जीवन में वे कमिश्नर, कलेक्टर, मंत्रालय भोपाल में सचिव, शासकीय संस्थाओं में मैनेजिंग डायरेक्टर, संचालक तथा एडिशनल कलेक्टर इंदौर सहित अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुकी हैं।
डॉ. घाणेकर को मलेशिया, इंग्लैंड, अमेरिका, स्विट्ज़रलैंड, साउथ कोरिया सहित कई देशों में प्रशासन, योजना एवं प्रबंधन से जुड़े अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण एवं अध्ययन यात्राओं का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका, यूरोप, एशिया और मध्य पूर्व के अनेक देशों की यात्राएं की हैं।
लेखन के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय है। उनके कविता संग्रह ‘उबलते रक्त का ठंडा उतार’ (1983) और ‘पता है, नहीं भी’ (2005) प्रकाशित हो चुके हैं। आकाशवाणी इंदौर, जयपुर तथा दूरदर्शन भोपाल से उनके नाटक, वार्ताएं और कविताएं प्रसारित हो चुकी हैं, साथ ही विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में उनके लेख और रचनाएं प्रकाशित हुई हैं।
डॉ. वीना घाणेकर संगीत, पर्यटन, लेखन और समाज-सेवा में विशेष रुचि रखती हैं। वे मध्यप्रदेश आईएएस एसोसिएशन की कोषाध्यक्ष, मराठी महोत्सव समिति भोपाल की संरक्षक, चित्पावन संघ म.प्र. की अध्यक्ष, राजस्थानी संस्कृति मंच भोपाल की सचिव, यूनिसेफ की राज्य सलाहकार तथा राज्य भूमि सुधार आयोग की वरिष्ठ सलाहकार रह चुकी हैं। वर्तमान में वे सपाक्स पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हैं।
पुस्तक ‘फेसबुक डायरी’ का समर्पण उनके पति श्री श्रीकांत घाणेकर को किया गया है, जो उनके सामाजिक और राजनीतिक चिंतन के सहभागी रहे हैं।
पुस्तक भेंट के अवसर पर इंजीनियर अजय तिवारी ने डॉ. घाणेकर के प्रशासनिक अनुभव और साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह कृति समाज और व्यवस्था को समझने की दृष्टि प्रदान करती है।
