न्यू विजडम हायर सेकंडरी स्कूल का वार्षिक उत्सव संपन्न, मंजू गौतम ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की

संतोष योगी की खबर 9993268143

भोपाल। अयोध्या बायपास स्थित न्यू विजडम हायर सेकंडरी स्कूल का वार्षिक उत्सव रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रसिद्ध फिल्म प्रोड्यूसर श्रीमती मंजू गौतम रहीं। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और मंचीय प्रस्तुति की खुले मन से प्रशंसा की।

मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि “न्यू विजडम स्कूल के बच्चे वास्तव में बहुत ही प्रतिभाशाली हैं। उनकी प्रस्तुतियों में अनुशासन, सृजनशीलता और मेहनत साफ झलकती है। इस तरह के मंच बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” उन्होंने कहा कि कला, संस्कृति और शिक्षा का ऐसा सुंदर समन्वय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है।

वार्षिक उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, एकल नृत्य, नाटक, गीत एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा। बच्चों की आत्मविश्वासपूर्ण मंच प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने मुख्य अतिथि श्रीमती मंजू गौतम का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया। अंत में स्कूल प्रबंधन बलवंत सिंह रघुवंशी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।