महाशिवरात्रि पर मानसरोवर धाम में शिवभक्ति का महासंगम 101 पंडितों द्वारा होगा विधि-विधान से महाअभिषेक, पंडित संजय कश्यप की अगुवाई में भव्य आयोजन आस्था केंद्र बना मानसरोवर धाम, लाखों श्रद्धालु करेंगे भोलेनाथ के दर्शन

संतोष योगी की खबर 9993268143

भोपाल।फंदा स्थित हरिनगर के पावन तीर्थ मानसरोवर धाम में महाशिवरात्रि का महापर्व इस वर्ष भी अत्यंत भव्य, दिव्य और श्रद्धा से ओतप्रोत वातावरण में मनाया जाएगा। संस्थान के अध्यक्ष पंडित संजय कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए मानसरोवर धाम पहुंचते हैं। इसी को दृष्टिगत रखते हुए मंदिर समिति द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।

पंडित संजय कश्यप ने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर 101 विद्वान पंडितों द्वारा विधि-विधान से भगवान शिव का विशाल रुद्राभिषेक, विशेष पूजन एवं वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा। मंदिर परिसर को भव्य सजावट, आकर्षक विद्युत रोशनी और सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था के साथ सजाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को दिव्य अनुभूति प्राप्त हो सके।

मानसरोवर धाम आज केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और चमत्कारों का केंद्र बन चुका है। यहां भगवान भोलेनाथ की अलौकिक प्रतिमा विराजमान है, जिनके दर्शन मात्र से ही भक्तों के समस्त कष्ट दूर हो जाते हैं। मंदिर के पुजारी शालिग्राम ने बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन हेतु आते हैं और महाशिवरात्रि पर यह संख्या लाखों तक पहुंच जाती है।

मानसरोवर धाम परिसर में भगवान शिव के साथ-साथ अन्य देवी-देवताओं के भव्य मंदिर भी स्थित हैं, जिससे यह स्थल एक सम्पूर्ण धार्मिक तीर्थ के रूप में स्थापित हो चुका है। महाशिवरात्रि के दिन पूरा परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गुंजायमान रहेगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था हेतु मंदिर प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। महाशिवरात्रि पर मानसरोवर धाम एक बार फिर यह सिद्ध करेगा कि यह स्थल भोपाल ही नहीं, बल्कि पूरे देश में भोलेनाथ के भक्तों की अटूट आस्था का प्रमुख केंद्र है।