भोपाल में पीएनजी ड्राइव 2.0 का शुभारंभ, 3 हजार से अधिक घरेलू कनेक्शन जोड़ने का लक्ष्य

संतोष योगी की खबर 99932 68143

भोपाल, भारत की अग्रणी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी थिंक गैस ने पेट्रोलियम एवं नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड (पीएनजीआरबी) के सहयोग से भोपाल में नेशनल पीएनजी ड्राइव 2.0 जागरूकता अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम का आयोजन सलैया स्थित आकृति ग्रीन्स सोसायटी में किया गया।

अभियान का नेतृत्व पीएनजीआरबी के मेंबर (कमर्शियल) श्री अंजनी कुमार तिवारी ने किया। इस अवसर पर हुजूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं एक्स-प्रोटेम स्पीकर श्री रामेश्वर शर्मा तथा थिंक गैस के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ श्री अभिलेश गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अभियान के तहत थिंक गैस ने 1 जनवरी से 31 मार्च 2026 के बीच भोपाल में 3,000 से अधिक घरेलू पीएनजी कनेक्शन जोड़ने का लक्ष्य रखा है। कार्यक्रम के दौरान श्री अंजनी कुमार तिवारी ने आकृति ग्रीन्स सोसायटी में एक घरेलू पीएनजी कनेक्शन का औपचारिक शुभारंभ भी किया।

फिलहाल भोपाल में नेचुरल गैस नेटवर्क लगभग 15 प्रतिशत क्षेत्र को कवर कर रहा है। पीएनजी ड्राइव 2.0 के माध्यम से उपभोक्ता जागरूकता बढ़ाकर, तेज़ कनेक्शन प्रक्रिया और सुरक्षित लास्ट-माइल डिलीवरी को प्राथमिकता दी जा रही है।

सीएनजी ऑटो रैली को दिखाई हरी झंडी

स्वच्छ मोबिलिटी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लिंक रोड-3 से सीएनजी ऑटो रैली को हरी झंडी दिखाई गई। इस अवसर पर थिंक गैस ने परिवहन क्षेत्र की बढ़ती मांग को देखते हुए भोपाल में तीन नए सीएनजी स्टेशनों की शुरुआत की प्रतिबद्धता भी जताई।

जनप्रतिनिधियों ने की पहल की सराहना

विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने कहा कि पीएनजी ड्राइव 2.0 भोपालवासियों के लिए स्वच्छ, किफायती और सुरक्षित ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं पीएनजीआरबी सदस्य श्री अंजनी कुमार तिवारी ने बताया कि मध्यप्रदेश में एमडब्ल्यूपी कार्यक्रम के तहत 59 लाख घरेलू पीएनजी कनेक्शन और 1207 सीएनजी स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।

थिंक गैस के एमडी एवं सीईओ श्री अभिलेश गुप्ता ने बताया कि कंपनी ने भोपाल में 180 किलोमीटर क्रॉस-कंट्री स्टील पाइपलाइन, 42 चालू सीएनजी स्टेशन और 80 हजार घरों तक नेटवर्क विस्तार का कार्य पूरा कर लिया है।

पीएनजी ड्राइव 2.0 अभियान भारत के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्य और उत्सर्जन में कमी के प्रयासों को मजबूती प्रदान करेगा।