मौलाना बरकतउल्लाह भोपाली एजुकेशन सोसायटी के तत्वावधान में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं के हाथों से वृद्धाआश्रम में वृद्धजनों को रजाई वितरण सर्दी के मौसम में सोसायटी द्वारा रजाई वितरण अभियान सतत जारी
मौलाना बरकतउल्लाह भोपाली एजुकेशन सोसायटी के तत्वावधान में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं के हाथों से
वृद्धाआश्रम में वृद्धजनों को रजाई वितरण
सर्दी के मौसम में सोसायटी द्वारा रजाई वितरण अभियान सतत जारी
संतोष योगी की खबर 99932 68143
भोपाल |
मौलाना बरकतउल्लाह भोपाली एजुकेशन एंड सोशल सर्विस सोसायटी विगत कई दशकों से शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में सोसायटी द्वारा प्रत्येक वर्ष शीत ऋतु के दौरान जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर रजाई वितरण अभियान चलाया जाता है, जो इस वर्ष भी निरंतर जारी है।
इसी कड़ी में रविवार, 8 फरवरी 2026 को सोसायटी द्वारा एक रजाई वितरण कार्यक्रम का आयोजन भोपाल स्थित गोलघर क्षेत्र के आसरा वृद्धाआश्रम में किया गया, जहाँ आश्रम में निवासरत वृद्धजनों को रजाइयाँ वितरित की गईं।
समाज में सर्वधर्म समभाव, आपसी एकता एवं भाईचारे के संदेश को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सर्वधर्म सद्भावना मंच के पदाधिकारी एवं विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं को आमंत्रित किया गया, जिनके करकमलों से वृद्धजनों को रजाइयाँ प्रदान की गईं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज में भाईचारे, आपसी सौहार्द एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के अध्यक्ष एवं जमीयत उलमा मध्य प्रदेश के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद हारून साहब ने कहा कि बिना किसी धार्मिक भेदभाव के मानव सेवा की भावना प्रत्येक व्यक्ति के भीतर होनी चाहिए। इसी उद्देश्य के साथ बरकतुल्लाह एजुकेशन सोसायटी निरंतर समाज के सभी वर्गों के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि वृद्धाआश्रम में बुजुर्गों को रजाई वितरण का उद्देश्य समाज को यह संदेश देना है कि बड़े-बुजुर्गों का सम्मान करना एवं उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। यह प्रयास होना चाहिए कि किसी भी परिवार में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो कि बुजुर्गों को अपने जीवन का अंतिम समय वृद्धाआश्रम में बिताना पड़े। वर्तमान पीढ़ी को हर हाल में अपने बुजुर्गों का सम्मान करना सीखना चाहिए।
इस अवसर पर संस्था के सचिव मोहम्मद कलीम खान, एडवोकेट ने संस्था का परिचय देते हुए उसके सामाजिक कार्यों एवं भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता गांधी भवन के ट्रस्टी श्री दयाराम नामदेव जी ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन पंडित महेंद्र शर्मा जी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में बरकतुल्लाह एजुकेशन सोसायटी एवं सर्वधर्म सद्भावना मंच के अन्य पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की तथा अपने विचार व्यक्त किए। प्रमुख रूप से शाक्यपुत्र भंते सागर जी, फादर आनंद मुतुंगल जी, इक़बाल मसूद साहब, श्री शैलेंद्र ओझा जी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विशेष सहयोग एवं व्यवस्थाओं का दायित्व संस्था के पदाधिकारियों हाजी मोहम्मद इमरान हारून, हाजी हनीफ अय्यूबी, मोहम्मद जुबैर एवं अन्य सहयोगियों द्वारा निभाया गया।
प्रेषक:
मोहम्मद कलीम खान
एडवोकेट
