किड्सरागा फाउंडेशन स्कूल में हर्षोल्लास के साथ वार्षिक खेलकूद दिवस एवं ग्रेजुएशन सेरेमनी सम्पन्न

बच्चों की खेल प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास ने सभी को किया प्रभावित

संतोष योगी की खबर 99932 68143

 

भोपाल।किड्सरागा फाउंडेशन स्कूल में वार्षिक खेलकूद दिवस एवं ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, प्रसिद्ध सेल्फ डिफेंस, मार्शल आर्ट एवं कराटे गुरु श्री विजेन्द्र सिंह राणा, शिक्षाविद् श्रीमती श्रद्धा सिंह (प्राचार्य, ऑर्किड इंटरनेशनल स्कूल) तथा श्रीमती दीप्ति असनानी (डायरेक्टर, आइवी स्कूल) द्वारा किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के अनुशासित मार्चपास्ट, नन्हे-मुन्नों के मनमोहक स्वागत नृत्य, जुंबा फिटनेस डांस एवं भ्रामरी योग से हुई। इसके पश्चात बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें एकेडमिक गेम्स, रिले रेस तथा माइंड एंड बॉडी कोऑर्डिनेशन गेम्स प्रमुख रहे। इन खेलों के माध्यम से बच्चों में त्वरित निर्णय क्षमता, लक्ष्य प्राप्ति की दक्षता एवं ग्रॉस मोटर स्किल्स के विकास का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

खेल प्रतियोगिताओं में अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की, जिससे कार्यक्रम और अधिक मनोरंजक बन गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सम्मानित अतिथियों द्वारा बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसी दौरान सीनियर बच्चों की ग्रेजुएशन सेरेमनी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर स्कूल की डायरेक्टर एवं बाल शिक्षाविद् श्रीमती वंदना शुक्ला ने कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। खेलों के माध्यम से बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक प्रतिस्पर्धा, लक्ष्य प्राप्ति एवं शीघ्र निर्णय लेने जैसी क्षमताएं विकसित होती हैं। कार्यक्रम की सराहना करते हुए अभिभावकों ने किड्सरागा को बच्चों की प्रगति के लिए एक उत्कृष्ट विद्यालय बताया।