निजामुद्दीन कॉलोनी में बोर्ड परीक्षा के बीच विवादित जमीन पर मेला, प्रतिबंध की मांग तेज
हाउसिंग सोसायटी ने बिना अनुमति आयोजन का लगाया आरोप, प्रशासन से तत्काल रोक लगाने की अपील

संतोष योगी की खबर 99932 68143

भोपाल।मध्य प्रदेश में बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं और प्रशासन द्वारा परीक्षाओं के मद्देनजर सख्त गाइडलाइन जारी की गई हैं। इसके बावजूद राजधानी भोपाल की निजामुद्दीन कॉलोनी में रहवासी क्षेत्र के बीचों-बीच मेले के आयोजन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हाउसिंग को-ऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड ने मेले पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए प्रशासन को शिकायत सौंपी है।

जानकारी के अनुसार, टीम क्लीन एंड ग्रीन हजरत निजामुद्दीन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिला उद्यमी मेला 2026 का आयोजन 12 फरवरी से 15 फरवरी तक किया जा रहा है। सोसायटी का आरोप है कि यह आयोजन बिना वैधानिक अनुमति के किया जा रहा है और इससे बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को गंभीर असुविधा हो सकती है।

सोसायटी का यह भी दावा है कि जिस जमीन पर मेला लगाया जा रहा है, वह विवादित है और मामला न्यायालय में लंबित है। ऐसे में वहां आयोजन करना नियमों के विरुद्ध है। सोसायटी पदाधिकारियों का कहना है कि कुछ लोग मेले की आड़ में विवादित भूमि पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। इस मामले में ईओडब्ल्यू में शिकायत दर्ज कराए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

स्थानीय रहवासियों ने प्रशासन से सवाल किया है कि आखिर किसकी अनुमति से विवादित भूमि पर मेला लगाया जा रहा है? यदि आयोजन के दौरान कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?

 सैय्यद शाहिद अली, प्रतिनिधि हाउसिंग सोसायटी ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं के बीच इस तरह का आयोजन पूरी तरह अनुचित है। जमीन का मामला कोर्ट में है, फिर भी मेला लगाया जा रहा है। प्रशासन को तुरंत कार्रवाई कर मेले पर रोक लगानी चाहिए।”फिलहाल रहवासियों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर मेले पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और विवादित जमीन की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।