शिवरात्रि को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न अवैध शराब, साफ-सफाई, पार्किंग व मेले की व्यवस्थाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
राहुल पवार योगी की खबर 97707 63164
रहटगांव। महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध शराब की रोकथाम, गांव में साफ-सफाई व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, काजल मेला एवं लोधीढाना मेले सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में तहसीलदार देव शंकर धुर्वे, एसडीओपी मैडम आकांक्षा तलैया, थाना प्रभारी मनोज दूबे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गया प्रसाद पाण्डेय, रहटगांव सरपंच, नजरपूरा सरपंच, व्यापारी मंडल अध्यक्ष श्रवण जोशी, जनपद उपाध्यक्ष अनिल वर्मा, पत्रकार बंधु, शांति समिति के सदस्य एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि शिवरात्रि के दौरान अवैध शराब की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाई जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस सतर्क निगरानी रखे। ग्राम पंचायत को साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग की समुचित व्यवस्था एवं यातायात नियंत्रण की रूपरेखा भी तय की गई।
बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने अपील की कि शिवरात्रि पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दिया जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
