भोपाल में घर का ताला तोड़कर चोरी, 65 हजार नकद सहित जेवरात ले उड़े बदमाश
भोपाल में घर का ताला तोड़कर चोरी, 65 हजार नकद सहित जेवरात ले उड़े बदमाश
संतोष योगी की खबर 99932 68143
भोपाल। राजधानी के विदिशा रोड स्थित विन्देश्वरी नगर रासलाखेड़ी इलाके में अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के दौरान बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और नगदी सहित सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार फरियादी राकेश शर्मा (45), पिता स्वर्गीय गयाप्रसाद शर्मा, निवासी म.न. 08 विन्देश्वरी नगर रासलाखेड़ी, विदिशा रोड भोपाल, पेशे से सिक्योरिटी गार्ड हैं। उन्होंने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 11 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपनी पत्नी संगीता शर्मा और बेटी परी के साथ मंडीदीप में भांजी की शादी में शामिल होने गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था।
12 फरवरी 2026 की सुबह करीब 5 बजे उनके पड़ोसी यशवंत सिंह ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर की लाइट जल रही है और दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। वीडियो कॉल के जरिए देखने पर घर के अंदर सामान बिखरा मिला। सूचना मिलते ही राकेश शर्मा परिवार सहित घर पहुंचे और डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
घर की तलाशी लेने पर अलमारी में रखे पुराने सोने-चांदी के इस्तेमाल किए गए आभूषण, एक सोने की चेन (हाय), छोटे बच्चे का चांदी का कड़ा, एक जोड़ी कान के बाले, दो गुल्लक तथा करीब 65,000 रुपये नकद गायब मिले। अज्ञात चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
