विश्वगुरु भारत अभियान के महासंकल्प के बीच संपन्न हुआ अनिल ठाकुर का भव्य विवाह महोत्सव

संतोष योगी की खबर 99932 68143

सीहोर/शाजापुर। विश्वगुरु भारत अभियान के महासंकल्प 125 करोड़ श्री हनुमान चालीसा महापाठ के संकल्प के साथ अभियान के संस्थापक अनिल ठाकुर का विवाह महोत्सव भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन परिवारजनों के नेतृत्व में किया गया, जिसमें उनके छोटे भाई राजेश ठाकुर, अरविंद ठाकुर एवं माता-पिता की प्रमुख भूमिका रही। आयोजन में देशभर से आए संतों, धर्माचार्यों और श्रद्धालुओं की ऐतिहासिक उपस्थिति देखने को मिली।

अभियान के प्रथम चरण की शुरुआत 2 जनवरी 2026 को सीहोर जिले के ग्राम सांग-गठुरागढ़ सेगरा दागी में सवा लाख श्री हनुमान चालीसा महापाठ के साथ हुई थी, जिसमें देशभर के पूजनीय संतों एवं धर्माचार्यों का सानिध्य प्राप्त हुआ। द्वितीय चरण के अंतर्गत अनिल ठाकुर ने अपने ससुराल ग्राम मांदला खेड़ी, कालापीपल, जिला शाजापुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समस्त धर्मप्रेमियों को तृतीय चरण हेतु अयोध्या आने का आमंत्रण दिया।

125 करोड़ हनुमान चालीसा पाठ का संकल्प, युवाओं को संस्कृति से जोड़ने का आह्वान

अनिल ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने के लिए पूरे देश में 125 करोड़ श्री हनुमान चालीसा का महापाठ कराया जाएगा तथा युवाओं को भारतीय संस्कृति, सभ्यता और धर्मग्रंथों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक हम अपनी वास्तविक जड़ों और पूर्वजों के इतिहास से नहीं जुड़ेंगे, तब तक भारत विश्वगुरु नहीं बन सकता। इसी क्रम में उन्होंने कालापीपल क्षेत्र में राजा भोज की प्रतिमा स्थापित कराने का संकल्प भी व्यक्त किया।

विवाह महोत्सव में देशभर से लगभग तीन हजार संतों की उपस्थिति बताई गई। आयोजन स्थल पर विशाल पंडाल का निर्माण किया गया, जिसमें एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने का दावा किया गया। मंच पर एक हजार से अधिक संतों की उपस्थिति ने आयोजन को मिनी महाकुंभ जैसा स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

विवाह समारोह को ऐतिहासिक बताते हुए आयोजकों ने कहा कि जिस प्रकार भगवान राम और माता जानकी की जयमाला हुई थी, उसी प्रकार अनिल एवं शिवानी की जयमाला संपन्न हुई। समारोह में देश-प्रदेश से आए अतिथियों का स्वागत राजेश ठाकुर, अरविंद ठाकुर एवं परिवारजनों द्वारा किया गया। मीडिया को उक्त जानकारी जे.डी. ठाकुर द्वारा प्रदान की गई। आयोजन को भारत वर्ष के ऐतिहासिक आयोजनों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया गया।