मानसरोवर धाम में महाशिवरात्रि की तैयारियां तेज, भव्य मुख्य द्वार का हुआ शुभारंभ

संतोष योगी की खबर 9993268143

भोपाल। महाशिवरात्रि के पावन पर्व से एक दिन पूर्व राजधानी भोपाल स्थित मानसरोवर धाम में नव-निर्मित भव्य मुख्य द्वार का वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजन के साथ शुभारंभ संपन्न हुआ। दोपहर 1:30 बजे आयोजित इस मांगलिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा धाम “हर हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

पूज्य पं. शालिग्राम तिनगुरिया एवं पं. नित्यानंद तिवारी जी के सान्निध्य में विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इसके पश्चात धाम के संचालक श्री संजय कश्यप जी के कर-कमलों द्वारा मुख्य द्वार का उद्घाटन किया गया। पूजा, पुष्पवर्षा और आरती के साथ वातावरण पूर्णतः शिवमय हो गया।

नव-निर्मित मुख्य द्वार के शिखर पर विराजमान नंदी महाराज तथा स्थापित विशाल शिवलिंग धाम की आध्यात्मिक गरिमा को विशेष पहचान प्रदान कर रहे हैं। यह द्वार श्रद्धालुओं के लिए आस्था, संरक्षण और बाबा महाकाल की कृपा का प्रतीक बनकर उनका स्वागत करेगा।

महाशिवरात्रि को लेकर विशेष तैयारियां

धाम परिसर में महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष साज-सज्जा की जा रही है। रात्रि जागरण, रुद्राभिषेक, विशेष श्रृंगार, भजन-कीर्तन एवं प्रसादी वितरण की व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पेयजल, दर्शन व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंध भी सुनिश्चित किए गए हैं।

मानसरोवर सेवा समिति ट्रस्ट, भोपाल (म.प्र.) के व्यवस्थापक एवं प्रचारक राजेश शर्मा ने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है और सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समिति ने भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।