तिलभांडेश्वर मंदिर सिराली में धूमधाम से सम्पन्न हुआ भोलेबाबा का दिव्य विवाह

भोपाल हेडलाइंस | हरदा जिला ब्यूरो चीफ संजय योगी की खबर7805953532

सिराली। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर नगर के सुप्रसिद्ध तिलभांडेश्वर मंदिर में भगवान भोलेनाथ का दिव्य विवाह समारोह अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अलौकिक आयोजन ने पूरे नगर को भक्तिमय रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत राधा कृष्ण मंदिर से सुसज्जित रथ पर विराजमान भोलेनाथ की भव्य शोभायात्रा से हुई। ढोल-नगाड़ों, पटाखों, डीजे, गाजे-बाजे और भक्ति गीतों की गूंज के बीच निकली यह शोभायात्रा गांधी चौक होते हुए मंदिर पहुंची। मंदिर पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।
जब शोभायात्रा मंदिर प्रांगण पहुंची तो “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारों से आसमान गूंज उठा। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन के पश्चात भगवान भोलेबाबा और माता पार्वती का विवाह संस्कार सम्पन्न कराया गया। वरमाला की रस्म के दौरान पूरा पंडाल तालियों और जयघोष से गूंज उठा, मानो साक्षात कैलाश धाम का दृश्य उपस्थित हो।
विशेष आकर्षण के रूप में निकली भूत-प्रेतों की बारात की झांकी ने सभी का मन मोह लिया। शिवभक्त भक्ति भाव में झूमते नजर आए और रात्रि 10 बजे तक उत्सव का उल्लास बना रहा।
मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों, पुलिस प्रशासन, ग्राम रक्षा समिति के सदस्य,नगरवासियों एवं युवा साथियों का विशेष योगदान रहा। अंत में समिति की ओर से सभी सहयोगियों एवं भक्तों का आभार व्यक्त किया गया।
महाशिवरात्रि का यह भव्य आयोजन सिराली नगर की आस्था, एकता और सांस्कृतिक परंपरा का अद्भुत उदाहरण बन गया।