बीएचईएल भोपाल में रविवार व अवकाश दिवस पर कार्य का भुगतान लागू करने की मांग ऐबू संबद्ध निफ्टू ने कार्यपालक निदेशक को सौंपा ज्ञापन, शीघ्र निर्णय न होने पर आंदोलन की चेतावनी
संतोष योगी की खबर 99932 68143
भोपाल, ऑल इंडिया बीएचईएल एम्पलाईज यूनियन (ऐबू) संबद्ध नेशनल फ्रंट ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (निफ्टू) के नेतृत्व में शुक्रवार को बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक को रविवार एवं अवकाश के दिन कार्य करने वाले कर्मचारियों को अन्य इकाइयों की भांति धनराशि भुगतान तत्काल लागू किए जाने संबंधी ज्ञापन सौंपा गया।
यूनियन के इकाई महासचिव एवं निफ्टू के प्रदेश अध्यक्ष श्री रामनारायण गिरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रबंधन से मांग की कि उत्पादन वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही को देखते हुए, जब अधिकांश विभागों में रविवार को भी कार्य हो रहा है, तब कर्मचारियों को अतिरिक्त कार्य के एवज में समुचित भुगतान सुनिश्चित किया जाए। प्रतिनिधिमंडल में यूनियन के कोषाध्यक्ष श्री विशाल वाणी भी उपस्थित रहे।
यूनियन के कार्यवाहक अध्यक्ष आशीष सोनी ने बताया कि ज्ञापन में बीएचईएल की अन्य इकाइयों, जैसे Tiruchirappalli (त्रिची) एवं हैदराबाद (Hyderabad) में नवंबर 2025 से रविवार तथा अवकाश के दिन कार्य करने वाले कर्मचारियों को नगद भुगतान नियमित रूप से किया जा रहा है। इसके विपरीत बीएचईएल की भोपाल इकाई में अब तक यह व्यवस्था लागू नहीं की गई है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष और मानसिक दबाव की स्थिति बनी हुई है। यूनियन ने इसे समान कार्य के बावजूद असमान व्यवहार बताते हुए अनुचित एवं अन्यायपूर्ण करार दिया।
यूनियन ने यह भी उल्लेख किया कि 30 जनवरी 2026 को इंसेंटिव रिव्यू हेतु गठित समिति की बैठक में यह विषय प्रमुखता से उठाया गया था। बैठक के दौरान कॉर्पोरेट कार्यालय के मानव संसाधन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि इस संबंध में इकाइयों को स्वतंत्र निर्णय लेने का अधिकार है। ऐसे में यूनियन ने भोपाल प्रबंधन से कर्मचारियों के हित में सकारात्मक निर्णय लेकर तत्काल प्रभाव से भुगतान व्यवस्था लागू करने की अपेक्षा की है।
यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो संगठन को आंदोलनात्मक कदम उठाने पर विवश होना पड़ेगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
ऐबू संबद्ध निफ्टू ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रबंधन कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए न्यायसंगत निर्णय लेगा।
