तीन साल बाद सुधारी गई पाइप लाइन, नगर परिषद अध्यक्ष के वार्ड में बह रहा था पानी

भोपाल हेडलाइंस | सिराली संवाददाता संजय योगी

सिराली। नगर परिषद सिराली के वार्ड क्रमांक 4 महात्मा गांधी वार्ड में पिछले लगभग तीन वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़ी पानी की पाइप लाइन आखिरकार सुधार दी गई। पाइप लाइन फूटने के कारण लंबे समय से लगातार पानी बह रहा था, जिससे सड़क पर कीचड़ और गंदगी फैल गई थी तथा राहगीरों और आसपास के रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि समस्या की जानकारी कई बार देने के बावजूद समय पर स्थायी समाधान नहीं किया गया। हालात ऐसे बन गए थे कि सड़क पर जलभराव के कारण लोगों के घरों के सामने गंदा पानी जमा हो जाता था। कई स्थानों पर पानी गले तक भरने जैसी स्थिति बन जाती थी, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था।

रहवासियों का कहना है कि संबंधित वार्ड की पार्षद स्वयं नगर परिषद अध्यक्ष हैं, इसके बावजूद समस्या का लंबे समय तक निराकरण नहीं होना सवाल खड़े करता है। नागरिकों ने यह भी बताया कि पाइप लाइन फूटने की घटनाएं कभी-कभी बड़े हादसों का कारण बन सकती हैं। हाल ही में इंदौर में पाइप लाइन फटने से बड़ा हादसा हो चुका है, जिसमें कई लोगों की मौत की खबरें सामने आई थीं।

नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं की जाती तो सिराली में भी गंभीर हादसा हो सकता था। फिलहाल नगर परिषद द्वारा पाइप लाइन की मरम्मत कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। प्रशासनिक आदेश के तहत लीकेज को ठीक कराया गया है।

प्रभारी सीएमओ एवं जल प्रभारी हरिओम गौर ने बताया कि पाइप लाइन फूटने के कारण कुछ घरों में गंदा पानी पहुंच रहा था। मामले की शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों के निर्देश पर लीकेज को ठीक कर दिया गया है।

रहवासियों ने मांग की है कि समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा नियमित निगरानी और जवाबदेही तय की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।