छह महीने बाद हटाई गई पुलिस लाइन की जाली, खबर का असर — फुटकर व्यापारियों में जश्न का माहौल अध्यक्ष शेख असलम का हुआ भव्य स्वागत, 1 सूत्रीय मांग में मिली सफलता

खबर का असर — फुटकर व्यापारियों में जश्न का माहौलभोपाल हेडलाइंस | सिराली संवाददाता संजय योगी | 7805953532
सिराली। नगर के प्रमुख हाट बाजार क्षेत्र में पुलिस लाइन द्वारा लगाई गई लोहे की जाली आखिरकार छह महीने बाद हटा दी गई। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का समाधान व्यापारियों के सतत प्रयास, एक सूत्रीय ज्ञापन और मीडिया में प्रमुखता से प्रकाशित खबरों के बाद संभव हो सका। जाली हटते ही बाजार क्षेत्र में राहत और उत्साह का माहौल बन गया।
गौरतलब है कि जाली लगाए जाने से बाजार में आवागमन बाधित हो रहा था। हाट बाजार के दिन अत्यधिक भीड़ के कारण मार्ग संकरा हो जाता था, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती थी। ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में परेशानी होती थी और छोटे व्यापारियों के व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। व्यापारियों ने आशंका जताई थी कि मार्ग अवरुद्ध रहने से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
फुटकर व्यापारी संघ के अध्यक्ष शेख असलम के नेतृत्व में व्यापारियों ने नगर परिषद को एक सूत्रीय मांग का ज्ञापन सौंपा था। इसमें पुलिस लाइन की जाली हटाना प्रमुख मांग थी। संघ ने इस मुद्दे को लेकर लगातार प्रयास किए और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
समाचार प्रकाशन के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और नगर परिषद अध्यक्ष ने प्रमुख मांग को स्वीकृति देते हुए जाली हटवाने की कार्रवाई सुनिश्चित कराई। इस निर्णय से व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ गई और बाजार में फिर से रौनक लौट आई।
जाली हटने की खुशी में फुटकर व्यापारियों ने अध्यक्ष शेख असलम का फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया। व्यापारियों ने मिठाई बांटकर आभार व्यक्त किया और इसे एकजुटता व संघर्ष की जीत बताया।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि यह सफलता संगठित प्रयासों और सकारात्मक पहल का परिणाम है। उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष एवं प्रशासन का धन्यवाद देते हुए उम्मीद जताई कि बाजार क्षेत्र की अन्य समस्याओं का भी शीघ्र समाधान किया जाएगा।
जाली हटने के बाद अब हाट बाजार क्षेत्र में यातायात सामान्य हो गया है, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों दोनों को राहत मिली है। यह निर्णय न केवल व्यापारियों के हित में साबित हुआ है, बल्कि पूरे नगर के लिए भी सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर रामकृष्ण चौरे (पूर्व सरपंच), प्रेम सिंह कुशवाह, नागेश कुशवाहा, राजा कुशवाहा, मोहन कुशवाहा, गोलू खान, बबलू राजू, गुलाब कुशवाहा, मोनू कुशवाह, नूर खान, शरद कुशवाहा, पूनम कुशवाहा, आसिफ एवं महेंद्र मालवी सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।
