रहटगांव में किसान संघ की बैठक, 27 को हरदा में होगा विशाल धरना प्रदर्शन

भोपाल हेडलाइंस | रहटगांव संवाददाता राहुल पवार योगी की खबर 9770763164

रहटगांव। भारतीय किसान संघ तहसील रहटगांव द्वारा आगामी 27 तारीख को हरदा में प्रस्तावित आंदोलन को लेकर रूपरेखा तय की गई। इस संबंध में रविवार को रहटगांव कृषि उपज मंडी परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन की रणनीति एवं जिम्मेदारियों का वितरण किया गया।

बैठक में हरदा जिले की प्रमुख समस्याओं और मांगों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। किसानों ने सरकार से चुनावी घोषणा के अनुरूप रबी सीजन में गेहूं की खरीद 2700 रुपए प्रति क्विंटल की दर से किए जाने की मांग दोहराई। साथ ही मक्का फसल की खरीदी समर्थन मूल्य पर सुनिश्चित करने तथा मोरन गंजाल परियोजना का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।

किसानों का कहना है कि लंबे समय से लंबित इन मांगों के निराकरण के लिए अब आंदोलन ही एकमात्र विकल्प बचा है। इसी क्रम में भारतीय किसान संघ जिला हरदा के नेतृत्व में 27 तारीख को कृषि उपज मंडी हरदा में विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें जिले भर से किसान बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

बैठक में तहसील अध्यक्ष, तहसील मंत्री, संभागीय सदस्य सहित किसान संघ के सभी तहसील पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आंदोलन को सफल बनाने के लिए सभी को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।