रमज़ान में सकलैनी जामा मस्जिद में मुसाफिर व छात्रों के लिए निःशुल्क सेहरी की व्यवस्था
रमज़ान में सकलैनी जामा मस्जिद में मुसाफिर व छात्रों के लिए निःशुल्क सेहरी की व्यवस्था
संतोष योगी की खबर 9993268143
भोपाल। पवित्र माह-ए-रमज़ान उल मुबारक के अवसर पर सुन्नी सकलैनी जामा मस्जिद, सकलैनी चौराहा, अशोका गार्डन 80 फीट रोड, भोपाल में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुसाफिरों और छात्र-छात्राओं के लिए 30 दिनों तक निःशुल्क सेहरी की व्यवस्था की गई है।
मस्जिद के सदर हजरत सूफी नूर उद्दीन सकलैनी ने बताया कि इस वर्ष रमज़ान का चाँद 18 फरवरी 2026 को दिखाई देने के बाद 19 फरवरी को पहला रोज़ा रखा गया। रमज़ान के मुकद्दस महीने में जहां अधिकतर स्थानों पर इफ्तार का इंतज़ाम किया जाता है, वहीं सेहरी की व्यवस्था बहुत कम जगहों पर होती है।
उन्होंने बताया कि राजधानी भोपाल में दूर-दराज़ के शहरों और गांवों से बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई के लिए आते हैं। ऐसे में कई विद्यार्थियों को रात में सेहरी के लिए कठिनाई का सामना करना पड़ता है, जिसके कारण वे रोज़ा रखने से वंचित रह जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मस्जिद प्रबंधन द्वारा पिछले कई वर्षों से निरंतर 30 दिन निःशुल्क सेहरी का प्रबंध किया जा रहा है। प्रतिदिन 300 से अधिक छात्र यहां सेहरी करते हैं।
हजरत सूफी नूर उद्दीन सकलैनी साहब ने कहा कि हमारी कोशिश है कि कोई भी मुसाफिर या छात्र सेहरी की वजह से रोज़े से महरूम न रहे। उन्होंने रमज़ान शरीफ के पवित्र अवसर पर लोगों से अपील की कि अपने पड़ोसियों, गरीबों और ज़रूरतमंदों का विशेष ख्याल रखें और अधिक से अधिक नेक कार्यों में हिस्सा लें।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सेवा भाव के साथ निरंतर संचालित किया जा रहा है।
