मृणालिनी सिंह सेंगर की मेहनत रंग लाई, मजदूरों को वेतन भुगतान की दिशा में बड़ी सफलता

संतोष योगी की खबर 9993268143

भोपाल। जिला अस्पताल भोपाल एवं जेपी अस्पताल भोपाल के करीब 1250 मजदूरों की वेतन समस्या को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहीं मजदूर नेता एवं समाजसेवी मृणालिनी सिंह सेंगर की मेहनत रंग लाती दिखाई दे रही है। सूत्रों के अनुसार मजदूरों का वेतन अब ‘सेट मैप’ के माध्यम से दिए जाने की तैयारी है। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा अभी शेष है।

निरंतर वेतन के लिए किया संघर्ष

सेंगर ने मजदूरों को नियमित और सुनिश्चित वेतन दिलाने के लिए स्वास्थ्य मंत्री, सीएमएचओ, स्वास्थ्य सचिव सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपे। इसके अलावा लेबर कमिश्नर कार्यालय में भी आवेदन प्रस्तुत कर मजदूरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने सरकार से मांग की थी कि अस्पताल में कार्यरत समस्त मजदूरों—विशेषकर महिला सफाई कर्मचारियों—को किसी निगम अथवा शासकीय संस्था के माध्यम से वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें समय पर भुगतान मिल सके और ठेका व्यवस्था की अनिश्चितता से राहत मिले। साथ ही सभी को शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन दिए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

मजदूरों ने जताया आभार

अस्पताल में कार्यरत महिला मजदूरों ने कहा, “दीदी ने हमारे लिए बहुत कुछ किया है, हम हमेशा उनके साथ हैं।” मजदूरों का कहना है कि लंबे समय से वे वेतन की अनियमितता से परेशान थे, लेकिन इस संघर्ष ने उन्हें उम्मीद दी है।

“नेतागिरी नहीं, अधिकारों की लड़ाई”

मृणालिनी सिंह सेंगर ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल मजदूरों के अधिकारों की रक्षा करना है। “नेतागिरी नहीं, बल्कि मजदूरों के हक की लड़ाई लड़ना जरूरी है। जब तक अधिकार नहीं मिलते, प्रयास जारी रहेंगे,” उन्होंने कहा।

सूत्रों की मानें तो वेतन भुगतान की नई व्यवस्था लागू होने से करीब 1250 मजदूरों को सीधा लाभ मिलेगा। अब सभी की निगाहें सरकार की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।