नाथपंथी योगी समाज के अधिकारों को लेकर दिल्ली में राष्ट्रीय बैठक संपन्न

संतोष योगी की खबर 

नई दिल्ली,नाथपंथी योगी-जोगी समाज के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर 25 फरवरी 2026 को दिल्ली के निहाल विहार स्थित डीडीए पार्क रोड, शुक्र बाजार में एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक संपन्न हुआ, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों, जिलों और तहसीलों से चयनित समाजसेवी प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक का आयोजन भोपाल निवासी समाजसेवी सीमा नाथ योगी द्वारा किया गया, जो लंबे समय से नाथपंथी समाज के अधिकारों के लिए सक्रिय रूप से कार्यरत हैं।

बैठक में समाज पर हो रहे कथित अन्याय और अत्याचार के विषय पर गंभीर चर्चा की गई। साथ ही समाज को प्रशासनिक स्तर पर उसके अधिकार दिलाने, प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय स्तर पर ठोस कार्ययोजना बनाने पर विचार-विमर्श हुआ।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिनिधियों ने समाज के अधिकारों की रक्षा हेतु एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। कई समाजबंधु पारंपरिक भगवा वस्त्र धारण कर बैठक में शामिल हुए, जिससे सामाजिक एकता का संदेश भी दिया गया।

आयोजक सीमा नाथ योगी एवं योगी विजेंद्रनाथ ने बताया कि यह बैठक समाज के अधिकारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है और भविष्य में भी इस विषय को लेकर संगठित प्रयास जारी रहेंगे।