कोलार में भक्ति और रंगों का महासंगम: भव्य निशान यात्रा व फाग महोत्सव संपन्न
कोलार में भक्ति और रंगों का महासंगम: भव्य निशान यात्रा व फाग महोत्सव संपन्न
संतोष योगी की खबर 99932 68143
कोलार, भोपाल। श्री खाटू श्याम आराधना ग्रुप के तत्वावधान में 27 एवं 28 फरवरी को आयोजित दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के अद्भुत संगम के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
भव्य निशान यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
27 फरवरी को प्रातः 11 बजे “प्रभु इच्छा तक” थीम पर भव्य निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा काली जी का मंदिर से प्रारंभ होकर खाटू श्याम मंदिर ए-सेक्टर पहुँची। हाथों में निशान लिए श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। डीजे की भक्तिमय धुनों, ऊंट बग्गी, इत्र एवं पुष्प वर्षा ने पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत एवं जलपान की व्यवस्था भी की गई।
फाग महोत्सव में बिखरे रंग और भक्ति रस
28 फरवरी को प्रातः 10:30 बजे द्वादशी संकीर्तन एवं फाग महोत्सव का आयोजन हुआ। “होली खेले रे… कन्हैया राधा के संग” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। रंग, गुलाल और फूलों की वर्षा के बीच भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे।
भजन संध्या ने बांधा समां
कार्यक्रम में अंजन प्रवाहक राजेश निखाड़े, मीनाक्षी सिंह, मनोरमा सिंह, कविता सक्सेना, पूनम, संतोषी साहू एवं सरस्वती ने भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। सुप्रसिद्ध भजन गायिका एवं समाजसेविका राखी परमार की विशेष प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आयोजन समिति का आभार
आयोजन की प्रमुख सुनीता दिनेश मेहरा एवं समस्त महिला मंडल कोलार ने कार्यक्रम की सफल संपन्नता पर सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और व्यवस्था में लगे स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि श्रद्धालुओं के उत्साह और सहयोग से यह आयोजन भव्य एवं ऐतिहासिक बन सका।
दो दिवसीय इस धार्मिक आयोजन ने कोलार क्षेत्र को पूर्णतः भक्तिमय वातावरण में रंग दिया और श्रद्धालुओं के मन में आस्था एवं उल्लास की अमिट छाप छोड़ दी।
