संभागायुक्त श्री तिवारी ने जिला पंचायत का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया

भोपाल हेडलाइंस हरदा जिला ब्यूरो चीफ संजय योगी की खबर 7805953532

हरदा/ संभागायुक्त नर्मदापुरम् श्री के.जी. तिवारी ने शुक्रवार को जिला पंचायत हरदा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीन अभिलेखों, विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। कमिश्नर श्री तिवारी ने जिला पंचायत की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कर स्थापना, लेखा, और विकास शाखा के रजिस्टरों एवं फाइलों की जांच की। उन्होने निरीक्षण के दौरान मनरेगा शाखा में डाटा एन्ट्री ऑपरेटर श्री राजेन्द्र प्रहलाद से ई-ऑफिस संचालन की जानकारी ली। इस दौरान एक फाइल मेन्यूअली भेजी गई, जिस पर संभागायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होने निर्देशित किया कि सारी फाइलें ई-ऑफिस के माध्यम से ही भेजी जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी उपयोग किया जाए। 

 संभागायुक्त श्री तिवारी ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की उन्होने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि प्रथम किश्त का कार्य पूर्ण होने के उपरान्त ही द्वितीय किश्त की राशि के भुगतान किया जाए। उन्होने स्वच्छता मिशन के तहत स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये। उन्होने ग्राम स्वराज संस्थान के कर्मचारियों का जिला पंचायत के कार्यों में सहयोग लेने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान सेवा पुस्तिकाओं, कैशबुक और भंडार पंजी के उचित रखरखाव पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने लंबित प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण के कड़े निर्देश दिए। उन्होने ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रबन्धक श्री रामनिवास कालेश्वर को निर्देशित किया कि बैंक शाखा प्रबन्धकों से चर्चा कर स्वीकृत प्रकरणों में राशि वितरण का कार्य पूर्ण कराएं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन, संयुक्त आयुक्त विकास श्री नवल मीणा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।