टायफायड व फूड पॉयजनिंग से अस्वस्थ विधायक कुंवर अभिजीत शाह भोपाल में भर्ती, 10 दिन के कार्यक्रम स्थगित

भोपाल हेडलाइंस | हरदा जिला ब्यूरो चीफ – संजय योगी

टिमरनी। टिमरनी विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक कुंवर अभिजीत शाह इन दिनों अस्वस्थ चल रहे हैं। टायफायड एवं फूड पॉयजनिंग की शिकायत के बाद उन्हें भोपाल स्थित Apollo Sage Hospital में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनकी सतत निगरानी कर रही है।

चिकित्सकों द्वारा आवश्यक जांच के बाद उन्हें पूर्ण विश्राम की सलाह दी गई है। डॉक्टरों के निर्देशानुसार आगामी 10 दिनों तक उनके सभी निर्धारित जनसंपर्क दौरे, बैठकें एवं सार्वजनिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।

विधायक के निज सहायक अर्पण ठाकुर मकड़ाई द्वारा जारी अधिकृत सूचना में बताया गया है कि कुंवर अभिजीत शाह का स्वास्थ्य पहले से बेहतर है और वे शीघ्र ही स्वस्थ होकर पुनः क्षेत्र की जनता की सेवा में सक्रिय होंगे।

गौरतलब है कि विधायक शाह लगातार क्षेत्र में विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर सक्रिय रहे हैं। उनके अस्वस्थ होने की खबर मिलते ही क्षेत्रभर से जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।