अमेरिका और मुंबई से पहुंचे भक्तों ने किए साई धाम सिराली में साईं बाबा के दर्शन

भोपाल हेडलाइंस | हरदा जिला ब्यूरो चीफ – संजय योगी

सिराली/हरदा। क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल साई धाम सिराली में इन दिनों दूर-दराज से भक्तों के आगमन का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में अमेरिका एवं मुंबई से श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए सिराली पहुंचे। मंदिर परिसर में पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

विशेष रूप से हरदा जिले के नकवाड़ा सिरकंबा निवासी पंडित श्री छोटू जी परुलकर के परिजन भी बाबा के दर्शनों के लिए पधारे। पंडित श्री छोटू जी परुलकर, साईं बाबा के परम भक्त रहे हैं। वे निरंतर बाबा के दर्शन के लिए जाया करते थे। बताया जाता है कि वृद्धावस्था में जब उन्होंने बाबा से कहा कि अब नियमित रूप से दर्शन के लिए आ पाना संभव नहीं हो सकेगा, तब बाबा ने उन्हें अपनी चरण पादुका भेंट करते हुए कहा था कि यही चरण पादुका उनके प्रत्यक्ष दर्शन का आभास कराएगी।

तभी से परुलकर परिवार द्वारा हरदा में ससम्मान बाबा की चरण पादुका की पूजा-अर्चना की जाती है। आज उसी परिवार के सदस्य साई धाम सिराली में बाबा के दर्शन हेतु पहुंचे, जहां साई परिवार सिराली द्वारा उनका हार्दिक स्वागत, वंदन और अभिनंदन किया गया।

दर्शन के उपरांत परिजनों ने भावुक होकर कहा कि इस मंदिर में आकर उन्हें शिर्डी के प्रत्यक्ष दर्शन जैसी अनुभूति हुई। यहां की दिव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण ने उनके मन को श्रद्धा और भक्ति से प्रफुल्लित कर दिया।

इस अवसर पर कुंज बिहारी सोमानी, मानक सेठ, दयाशंकर करोड़े, संजय दुबे, असलम मंसूरी, वेद प्रकाश शर्मा, सचिन कुशवाह, मुकेश टाले सहित साई परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।