भोपाल में बैंक ऑफ इंडिया ऑफिसर्स एसोसिएशन की 48वीं वार्षिक साधारण सभा संपन्न, 1,200 से अधिक अधिकारियों की सहभागिता
भोपाल में बैंक ऑफ इंडिया ऑफिसर्स एसोसिएशन की 48वीं वार्षिक साधारण सभा संपन्न, 1,200 से अधिक अधिकारियों की सहभागिता
संतोष योगी की खबर 9993268143
भोपाल। बैंक ऑफ इंडिया ऑफिसर्स एसोसिएशन की मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा भोपाल में 48वीं वार्षिक साधारण सभा का भव्य आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से 1,200 से अधिक कार्यरत अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इकाई के अध्यक्ष कॉमरेड अमित गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित सभा में अधिकारियों के कल्याण, सेवा शर्तों तथा बैंकिंग क्षेत्र में हो रहे परिवर्तनों पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष ने संगठनात्मक एकता को सुदृढ़ बनाए रखने और अधिकारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
महासचिव कॉमरेड कुलदीप स्वर्णकार ने अपने रणनीतिक प्रतिवेदन में बैंकिंग क्षेत्र में सूचना प्रौद्योगिकी अवसंरचना में हो रहे बदलावों तथा बढ़ती डिजिटल धोखाधड़ी की चुनौतियों का उल्लेख किया। उन्होंने अधिकारियों से तकनीकी दक्षता बढ़ाने और सतर्कता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बीओआई ऑफिसर्स फेडरेशन के अध्यक्ष कॉमरेड नीलेश पवार ने कहा कि प्रबंधन के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध और निरंतर अनुवर्ती प्रयासों के परिणामस्वरूप कई लंबित समस्याओं का समाधान संभव हो पाया है। उन्होंने संगठन और प्रबंधन के बीच सकारात्मक संवाद को आगे भी जारी रखने की बात कही।
फील्ड जनरल मैनेजर कॉमरेड संजय श्रीवास्तव ने एसोसिएशन को पूर्ण सहयोग देने तथा अधिकारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर कॉमरेड बी. के. पटनायक (आंचलिक प्रबंधक) सहित इंदौर, उज्जैन, खंडवा, धार और रायपुर के आंचलिक प्रमुख उपस्थित रहे। साथ ही यूको बैंक फेडरेशन के सचिव कॉमरेड संदीप चौबे ने भी विशेष रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
सभा का समापन अधिकारियों के हितों की रक्षा, कल्याणकारी नीतियों के विस्तार और संगठनात्मक एकजुटता को बनाए रखने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि बदलते बैंकिंग परिवेश में अधिकारी वर्ग संगठित रहकर ही अपनी भूमिका को प्रभावी और सशक्त बना सकता है।
