महिला दिवस पर केनरा बैंक महिला अधिकारियों ने बच्चों को बांटी शिक्षा सामग्री

भोपाल हेडलाइंस | संतोष योगी की खबर 99932 68143

भोपाल। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर केनरा बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन, भोपाल की महिला अधिकारियों द्वारा समाज के प्रति संवेदनशील पहल करते हुए जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सामग्री वितरित की गई। इस दौरान भोपाल के बाणगंगा स्थित गरीब बस्ती और शासकीय स्कूल शाहपुरा के बच्चों को बैग, किताबें, पानी की बोतल सहित पढ़ाई का आवश्यक सामान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित रह जाने वाले बच्चों को प्रोत्साहित करना और उनके सपनों को नई दिशा देना था। महिला अधिकारियों ने कहा कि जब किसी बच्चे के हाथ में किताब आती है तो उसके साथ ही उसके भविष्य के नए दरवाजे खुलते हैं।

यह प्रेरणादायी पहल केनरा बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के महासचिव के. रवि कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि ऐसे विशेष अवसर केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि समाज के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायी कार्य करने का माध्यम बनना चाहिए।

वहीं एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट के.के. त्रिपाठी ने कहा कि समाज के वंचित बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सच्चा उत्सव है। ऐसे छोटे-छोटे प्रयास मिलकर एक संवेदनशील और बेहतर समाज की नींव रखते हैं।

इस अवसर पर केनरा बैंक की महिला अधिकारियों की इस पहल को उपस्थित लोगों ने सराहा और इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण बताया। यह कार्यक्रम महिला शक्ति के सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी के संकल्प को साकार करता नजर आया।