आम आदमी पार्टी की जिला कार्यकारिणी की बैठक संपन्न, आगामी चुनाव को लेकर बनी रणनीति
आम आदमी पार्टी की जिला कार्यकारिणी की बैठक संपन्न, आगामी चुनाव को लेकर बनी रणनीति
संतोष योगी की खबर 99932 68143
भोपाल। आम आदमी पार्टी (आप) की जिला कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को गांधी भवन में आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्रिस्तरीय चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए पार्टी की रणनीति और कार्ययोजना तय की गई। इस दौरान संगठन विस्तार और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी मंथन किया गया।
बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसमें भोपाल जोन प्रभारी डॉ. रविकांत द्विवेदी, संगठन मंत्री एस.पी. सिंह, सचिव सज्जाद हुसैन और सचिव शैली छाबड़ा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष हरीश पाठक ने कहा कि पार्टी के सभी जिम्मेदार नेताओं के कार्यों की समीक्षा की जाएगी और उसी आधार पर आगे संगठन में दायित्व तय किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मिन्हाज आलम ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश में संगठन विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यकारिणी बैठकों और संगठनात्मक समीक्षा का दौर जारी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में पार्टी पंजाब और गुजरात की तर्ज पर मध्यप्रदेश में संगठन को मजबूत करने पर जोर दे रही है। अरविंद केजरीवाल के मॉडल को देशभर में सराहा जा रहा है और पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी मध्यप्रदेश को अपनी प्राथमिकता में रखे हुए है।
उन्होंने बताया कि पिछले नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन सम्मानजनक रहा था, जिसमें महापौर पद के साथ कई पार्षद भी जीतकर आए थे। आगामी दिनों में पार्टी पूरे मध्यप्रदेश में जनआंदोलन चलाकर जनता के ज्वलंत मुद्दों को उठाएगी और सरकार को घेरने की रणनीति पर काम करेगी।
