थ्रो बॉल फेडरेशन कप: मध्य प्रदेश पुरुष टीम उपविजेता, फाइनल में आंध्र प्रदेश से कड़ा मुकाबला

संतोष योगी की खबर 99932 68143

भोपाल/तिरूपति। आंध्र प्रदेश के तिरूपति में 12 से 15 मार्च 2026 तक आयोजित 34वीं राष्ट्रीय फेडरेशन कप थ्रो बॉल प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया।

मध्य प्रदेश टीम ने लीग मुकाबलों में दमदार शुरुआत करते हुए अपने (अ) पूल में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। पहले मैच में गोवा को 15-04 और 15-06 से हराया। इसके बाद हरियाणा को 15-08 और 15-03 से पराजित किया। पूल के अंतिम मैच में तमिलनाडु को 15-12 और 15-08 से हराकर टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।

सेमीफाइनल में ओडिशा के खिलाफ भी मध्य प्रदेश ने अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए 15-11 और 15-08 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।

फाइनल मुकाबले में मेजबान आंध्र प्रदेश के साथ रोमांचक भिड़ंत हुई। मध्य प्रदेश ने पहला सेट 15-08 से अपने नाम किया, लेकिन दूसरे सेट में 10-15 से हार का सामना करना पड़ा। निर्णायक सेट में कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जहां आंध्र प्रदेश ने 15-13 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया, जबकि मध्य प्रदेश टीम उपविजेता रही।

टीम के पवन तिवारी, मिथुन वर्मा, देवेंद्र अहिरवार, विवेक कुशवाहा सहित अन्य खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों को खेल संचालक बी.एस. यादव, थ्रो बॉल सचिव अविनाश भुरभुरे, कोच आशीष सक्सैना सहित अन्य पदाधिकारियों ने बधाई दी।