दादाजी धाम मंदिर में चैत्र नवरात्र एवं नव विक्रम संवत्सर 2083 का शुभारंभ गुरुवार से

 

संतोष योगी की खबर 99932 68143

 

भोपाल। रायसेन रोड स्थित पटेल नगर के जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर में चैत्र नवरात्र पर्व को श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक आस्था के साथ मनाने हेतु श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार, 19 मार्च से नव विक्रम संवत्सर 2083 का शुभारंभ भी हो रहा है। इस अवसर पर मंदिर के पट प्रातः से रात्रि तक श्रद्धालु भक्तों के लिए खुले रहेंगे।

चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर माता रानी का नौ दिनों तक विशेष श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा (लाइटिंग) से अलंकृत किया जाएगा, जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहेगा।

इस दौरान श्रद्धालु भक्तों द्वारा सैकड़ों की संख्या में अखंड दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। अखंड दीप प्रज्वलन हेतु भक्तों द्वारा पूर्व से ही बुकिंग कराई गई है, जो माता रानी के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा, आस्था एवं विश्वास का प्रतीक है।

नवरात्रि के नौ दिनों में विद्वान पंडितों के मार्गदर्शन में जजमानों द्वारा विधि-विधान से माता रानी का पूजन-अर्चन सम्पन्न कराया जाएगा। प्रतिदिन दुर्गा सप्तशती पाठ, कुंजिका स्तोत्र जाप एवं नित्य हवन का आयोजन होगा, जिससे मंदिर परिसर में सकारात्मकता एवं आध्यात्मिकता का संचार होगा।

इसके साथ ही गुड़ी पड़वा, भगवान झूलेलाल जयंती एवं हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर महिला भक्तों द्वारा प्रतिदिन सायं 5:00 बजे से माता रानी के भजनों का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन आरती के उपरांत समस्त श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।

ट्रस्ट की ओर से समस्त श्रद्धालु भक्तों से विनम्र निवेदन है कि इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पधारकर माता रानी के दर्शन करें तथा धर्म लाभ एवं पुण्य लाभ अर्जित करें।